April 15, 2026
Entertainment

‘यूपी वाली, बिहार वाली’ का फर्स्ट लुक जारी, रानी और संजना का दिखेगा अलग अंदाज

First look of ‘UP Wali, Bihar Wali’ released, Rani and Sanjana will be seen in different styles

15 अप्रैल । भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री रानी चटर्जी और संजना पांडेय जल्द ही आगामी फिल्म ‘यूपी वाली, बिहार वाली’ में नजर आएंगी। मंगलवार को फिल्म का फर्स्ट लुक मेकर्स ने जारी कर दिया।

मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर फर्स्ट लुक पोस्ट किया। इसमें रानी संजना की ओर इशारा करती नजर आ रही हैं। दोनों अभिनेत्रियां साड़ी में बेहद आकर्षक लग रही हैं। संजना पांडेय ने सिर पर पल्लू ओढ़ रखा है, जबकि रानी चटर्जी बिना पल्लू के साड़ी में हैं, जो उनका स्टाइलिश अंदाज दिखाता है।

पोस्टर के साथ मेकर्स ने लिखा, “भोजपुरी फिल्म ‘यूपी वाली, बिहार वाली’ का फर्स्ट लुक।”

मंजुल ठाकुर द्वारा निर्देशित फिल्म स्टारकास्ट बड़ी दिलचस्प है। इसमें रानी और संजना के अलावा, प्रशांत सिंह, आलोक सिंह राजपूत, ललित उपाध्याय, विद्या सिंह, स्वेता वर्मा और गोपाल चौहान जैसे स्टार्स नजर आएंगे।

फिल्म की कहानी अरविंद तिवारी ने लिखी है। फिल्म में दोनों अभिनेत्रियों के बीच हंसी-मजाक और नोकझोंक देखने को मिलेगी।

इससे पहले रानी चटर्जी ने शूटिंग के दौरान मुहूर्त की तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किए थे। उस समय सेट पर दोनों अभिनेत्रियों के बीच मजेदार पल भी देखने को मिले थे। अब फर्स्ट लुक पोस्टर जारी होने के बाद फैंस फिल्म की रिलीज डेट का इंतजार कर रहे हैं।

भोजपुरी सिनेमा में रानी चटर्जी काफी लोकप्रिय हैं। वे अपनी डांसिंग स्किल्स और बोल्ड रोल्स के लिए जानी जाती हैं। संजना पांडेय भी भोजपुरी फिल्मों में अच्छी पहचान बना चुकी हैं। दोनों अभिनेत्रियों की यह जोड़ी पहली बार साथ नजर आएगी, जिससे फैंस में काफी उत्साह है।

Leave feedback about this

  • Service