May 4, 2026
Entertainment

जुड़वां बच्चों के जन्म के बाद बदली गौतम रोडे की सोच, बोले- ‘अब खुद को नए किरदारों में आजमाना चाहता हूं’

Gautam Rode’s thinking changed after the birth of twins, saying, “Now I want to try myself in new roles.”

4 मई । टीवी और ओटीटी की दुनिया में कलाकारों के लिए खुद को बार-बार नए अंदाज में साबित करना आसान नहीं होता। गौतम रोडे भी उन कलाकारों में शामिल हैं, जो अभिनय में नए प्रयोग करना चाहते हैं। आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में उन्होंने अपने निजी जीवन और करियर को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि जुड़वां बच्चों के पिता बनने के बाद उनकी सोच पहले से काफी बदल गई है लेकिन यह बदलाव वैसा नहीं है जैसा लोग अक्सर सोचते हैं।

गौतम रोडे जल्द ही ‘अनदेखी’ के चौथे सीजन में नजर आने वाले हैं। इस शो में वह एक दमदार किरदार निभा रहे हैं।

आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने बताया, ”पिता बनने के बाद मैंने अपने काम को लेकर ज्यादा गंभीरता से सोचना शुरू कर दिया है। मैं अब ऐसे रोल करना चाहता हूं, जो मुझे एक अभिनेता के तौर पर चुनौती दें और मेरे अंदर के कलाकार को और बेहतर बनाएं।”

गौतम ने कहा, ”अब मैं अपने अभिनय में नए प्रयोग करना चाहता हूं। अपने करियर में अब तक मैंने कई ऐसे किरदार निभाए हैं, जिनमें मैं सीधे-सादे इंसान के रूप में नजर आया हूं। खासतौर पर ‘सरस्वतीचंद्र’ में निभाए गए मेरे किरदार को लोगों ने खूब पसंद किया था। इस शो ने मुझे घर-घर में पहचान दिलाई लेकिन अब मैं सिर्फ एक ही तरह के किरदार निभाकर खुद को सीमित नहीं रखना चाहता।”

अभिनेता ने कहा, ”अगर कोई कलाकार बार-बार एक जैसे रोल करता रहता है, तो उसकी सीखने की प्रक्रिया रुक जाती है। मेरा मानना है कि अभिनय एक ऐसी कला है जिसमें इंसान हर दिन कुछ नया सीखता है। इसलिए अब मैं ऐसे किरदार करना चाहता हूं, जो मुझे मानसिक और भावनात्मक रूप से चुनौती दें। मैं अपने अंदर छिपे कलाकार को और गहराई से समझना चाहता हूं और यही वजह है कि अब मैं अलग-अलग तरह के किरदारों की तलाश में हूं।”

Leave feedback about this

  • Service