N1Live National ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क पुलिस का एक्शन, 15 लाख रुपए की ड्रग्स के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
National

ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क पुलिस का एक्शन, 15 लाख रुपए की ड्रग्स के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

Greater Noida: Knowledge Park Police take action; four smugglers arrested with drugs worth ₹15 lakh.

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाने की पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 15 लाख रुपए कीमत के विभिन्न प्रकार के विदेशी और प्रतिबंधित नशीले पदार्थ, एक मोटरसाइकिल तथा इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा बरामद किया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी स्कूल, कॉलेज और हॉस्टलों में रहने वाले छात्रों को महंगे दामों पर ड्रग्स की सप्लाई करते थे। पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में क्राउन एक्सपो से एक्सपोमार्ट जाने वाले मार्ग पर स्थित पुलिया के पास अभियान चलाया गया। इस दौरान चार आरोपियों इमरान, दीपक कुमार, शिवम कुमार और बौबी को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 50 ग्राम शिलॉन्ग गांजा, 70 ग्राम शैम्पेन एमडी, 75 ग्राम ओजी, 144 एमडीएमए की गोलियां तथा 63 ग्राम काला हैश बरामद किया गया। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नशीले पदार्थों का वजन करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी पुलिस ने जब्त किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे विदेशी ड्रग्स की सप्लाई मुख्य रूप से स्कूल, कॉलेज और हॉस्टलों में पढ़ने तथा रहने वाले छात्रों को करते थे।

आरोपियों के मुताबिक, वे इन नशीले पदार्थों को 3,000 से 4,000 रुपए प्रति ग्राम की कीमत पर बेचते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा यह मादक पदार्थ इनके पास कहां से पहुंचते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधुवन विहार कुलेसरा निवासी इमरान (29 वर्ष), सूरजपुर निवासी दीपक कुमार (27 वर्ष), वर्तमान में सेक्टर-82 निवासी शिवम कुमार (23 वर्ष) तथा हल्दौनी निवासी बौबी (22 वर्ष) के रूप में हुई है।

इस मामले में थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को नशे के जाल में फंसाने वाले ऐसे तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Exit mobile version