N1Live Chandigarh प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने में हरियाणा निभाएगा विशेष भूमिका- सीएम नायब सैनी
Chandigarh

प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने में हरियाणा निभाएगा विशेष भूमिका- सीएम नायब सैनी

चंडीगढ़, 4 अप्रैल- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को पूरा करने में हरियाणा विशेष भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के विकास की गति को तेज करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

नायब सिंह सैनी ने यह बात शुक्रवार को अपने निवास स्थान संत कबीर कुटीर, चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अंबाला से आए लोगों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां और कल्याणकारी योजनाएं हर घर तक पहुंचे, इसके लिए समर्पित प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है तथा वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई है। श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज भारत एक सुरक्षित, तेजी से विकास करने वाले राष्ट्र के रूप में उभर रहा है, जो अपने लोगों के हितों को सर्वोपरि रखता है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र व हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक नागरिक तक पहुंच रहा है। पात्र लाभार्थियों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पिछले एक दशक में हरियाणा में तेजी से विकास हुआ है। पूरे राज्य में सड़कों का व्यापक नेटवर्क बिछाया जा रहा है, जिससे परिवहन सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि “ट्रिपल इंजन” सरकार विकास प्रयासों को तीन गुना बढ़ाएगी, जिससे राज्य और देश दोनों में प्रगति को बढ़ावा मिलेगा।

 नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार ने किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में काम किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जो सभी फसलों की 100 प्रतिशत खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन महीनों में उनके आवास संत कबीर कुटीर में डेढ़ लाख लोग आए, जिनमें से 75 हजार लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा चुका है, जबकि शेष समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि डॉ. बीआर अंबेडकर की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के लिए हिसार आएंगे और यमुनानगर में 800 मेगावाट की नई बिजली इकाई की आधारशिला भी रखेंगे। 7,272 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जाने वाली इस बिजली इकाई के 2028 के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है।

नायब सिंह सैनी ने लोगों से दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में पहुंचने का आग्रह किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती सुमन सैनी, पूर्व मंत्री श्री असीम गोयल तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।

Exit mobile version