April 20, 2024
Himachal

शिमला में आज प्रदेश कांग्रेस की बैठक,सिंगल लाइन प्रस्ताव लाएगी PCC

हिमाचल कांग्रेस, राहुल गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की पैरवी कर सकती है। आज राजीव भवन शिमला में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक होने जा रही है। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए, PCC द्वारा सिंगल लाइन प्रस्ताव लाया जाएगा और कांग्रेस वर्किंग कमेटी को सौंपा जाएगा।
इसके लिए 24 सितम्बर से 30 सितम्बर तक नामांकन मांगे गए हैं। 17 अक्टूबर को नए अध्यक्ष के लिए मतदान होना है। 19 अक्टूबर को नतीजे आएंगे, यानी दिवाली से पहले कांग्रेस को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलेगा। फिलहाल सोनिया गांधी कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष हैं।
देश में लंबे समय से बहस छिड़ी है कि गांधी परिवार से पार्टी अध्यक्ष बनाया जाए या फिर गैर गांधी परिवार से किसी काबिल नेता को कमान सौंपी जाए। इसी बीच हिमाचल कांग्रेस राहुल गांधी की पैरवी करने की तैयारी में है।
इसी के साथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि, PCC राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पास करेगी। ऐसे में आगामी दिनों में देखना दिलचस्प होगा कि, कौन-कौन नेता अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करते हैं। पूरे देश की नजरें जी-23 गुट पर रहेंगी। चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद जाहिर है कि, अध्यक्ष पद को लेकर तीन सालों से चल रही कशमकश खत्म हो जाएगी।

Leave feedback about this

  • Service