April 13, 2026
Entertainment

’14 साल के छोटे बच्चे पर किया भरोसा’, आशा भोसले के निधन पर भावुक हुए अनु मलिक

‘I trusted a 14-year-old’: Anu Malik gets emotional over Asha Bhosle’s demise

13 अप्रैल । हिंदी सिनेमा को अपने सुरों से सजाने वाली आशा भोसले हमारे बीच नहीं रहीं। उनके निधन से बॉलीवुड में भी दुख है।

अभिनेता से लेकर सिंगर्स तक आशा ताई के साथ बिताए दिनों को याद कर रहे हैं। अब सिंगर अनु मलिक, ऊषा उत्थुप और अभिनेता रजत बेदी ने दुख जताया है।

सिंगर अनु मलिक ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “यह बहुत दुखद खबर है, मेरे लिए, मेरे परिवार के लिए, पूरे देश के लिए और मैं कहूंगा कि पूरी दुनिया के लिए। आशा भोसले जैसी महान कलाकार इस दुनिया में दोबारा नहीं आएंगी। 1977 में, जब मैं लगभग 14 साल का था, तब मैंने जो पहला गाना गाया था, उसमें उन्होंने एक पंक्ति गाई थी। उस वक्त एक छोटे से बच्चे पर भरोसा करना बहुत बड़ी बात होती है। मेरे पिता जी ने कहा था कि उनके जैसी महान आवाज दुनिया में और किसी की नहीं हो सकती है और वे बिल्कुल सही थे। आशा भोसले एक ही थीं और हमेशा एक ही रहेंगी।”

वहीं, सिंगर ऊषा उत्थुप ने याद करते हुए कहा कि उनका रिश्ता सिर्फ आशा भोसले से नहीं था, बल्कि उनके परिवार के सभी बड़े सिंगर्स से था। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “आशा जी वर्सटाइल सिंगर थीं और उन्हें जो भी जॉनर दिया जाता था, वो बिना हिचक के गाती थीं और ऐसा गाती थीं कि सीधा मन को छू जाता था।”

सिंगर ने आगे कहा, “मेरा रिश्ता आशा जी से बहुत पुराना था, लोग उन्हें परफॉर्मेंस के बाद जानने लगे थे, लेकिन मैं उन्हें पहले से जानती थी। मैं बचपन में उनके गाने रेडियो पर सुनती थी। उन्होंने लक्ष्मीकान्त प्यारेलाल, आर.डी. बर्मन (पंचम) और ओ.पी. नय्यर के साथ भी हर तरह के गाने गाए थे।”

अभिनेता रजत बेदी काफी दुखी नजर आए। उन्होंने परिवार और उनके प्रशंसकों के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा, “यह फिल्म इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनके परिवार और सभी प्रशंसकों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। यह वाकई फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान है। हम उनके और उनके परिवार के लिए प्रार्थना करेंगे।”

Leave feedback about this

  • Service