May 14, 2026
Entertainment

‘मैं ऋषि कपूर के साथ रोमांटिक गाना करने से पहले बहुत घबरा गई थी’, पद्मिनी कोल्हापुरे ने सुनाया पुराना किस्सा

‘I was very nervous before doing a romantic song with Rishi Kapoor’, Padmini Kolhapure recounts an old anecdote

पुराने हिंदी सिनेमा के गाने आज भी लोगों के दिलों में खास जगह रखते हैं। उन गानों के पीछे कलाकारों की कई यादें और किस्से जुड़े होते हैं, जिनके बारे में फैंस हमेशा से जानना पसंद करते हैं। इसी बीच मशहूर अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे ने एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है, जो दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर से जुड़ा हुआ है।

दरअसल, इंडियन आइडल के आने वाले एपिसोड में पद्मिनी कोल्हापुरे स्पेशल गेस्ट के तौर पर नजर आएंगी। इस दौरान उन्होंने अपने मशहूर गाने ‘पूछो ना यार क्या हुआ’ से जुड़ी यादों को साझा किया। उन्होंने बताया, ”यह पहला मौका था जब मैं एक लीड एक्ट्रेस के तौर पर किसी बड़े रोमांटिक गाने में काम कर रही थी। इस गाने में मेरे साथ ऋषि कपूर थे, जो उस समय इंडस्ट्री के सबसे बड़े सितारों में गिने जाते थे।”

पद्मिनी ने कहा, “ऋषि कपूर के साथ रोमांटिक गाना शूट करने में मैं काफी घबरा रही थी। मेरे मन में बार-बार यही बात चल रही थी कि अब मुझे इतने बड़े अभिनेता के साथ रोमांटिक गाना करना है। उस समय डर लग रहा था कि कहीं कोई गलती न हो जाए लेकिन ऋषि कपूर का व्यवहार इतना अच्छा था कि मेरी सारी घबराहट धीरे-धीरे खत्म हो गई। उन्होंने मुझे सहज महसूस कराया और पूरे शूट के दौरान मेरा ध्यान रखा।”

अभिनेत्री ने आगे कहा, ”यह गाना फिल्म ‘नसीब’ का है और इसकी शूटिंग ऊटी में हुई थी। पूरी टीम ने इस गाने को खास बनाने के लिए खूब मेहनत की थी। आज इतने सालों बाद भी लोग इस गाने को पसंद करते हैं। फिल्म के दूसरे गाने ‘होगा तुमसे प्यारा कौन’ और ‘जमाने को दिखाना है’, ये सभी गाने आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं।”

शो में पद्मिनी ने मशहूर गायिका आशा भोसले की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “आशा भोसले हर गाने की भावना को पूरी तरह समझती थीं। रिकॉर्डिंग से पहले वह यह जानने की कोशिश करती थीं कि गाने में अभिनेत्री किस तरह की भावना दिखा रही है, और जब वह गाती थीं, तो लोगों को लगता था जैसे स्क्रीन पर दिख रही अभिनेत्री खुद गाना गा रही हो।”

पद्मिनी ने कहा, ”आज भी कई लोग मुझसे पूछते हैं कि क्या मैंने गाने गाए थे। ‘यशोमती मैया से’ गाने को लेकर लोग सवाल करते हैं कि ये गाना आपने कैसे गाया। इस गाने को शानदार बनाने में आशा भोसले की समझ और आवाज का कमाल था।” ‘इंडियन आइडल’ के बारे में बात करते हुए पद्मिनी ने कहा, “मुझे इस मंच पर आना हमेशा खास महसूस होता है। यहां संगीत के लिए प्यार और प्रतिभा दोनों देखने को मिलता हैं।”

Leave feedback about this

  • Service