November 19, 2026
National

तिलक नगर के गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी का मामला गरमाया, सौरभ भारद्वाज ने सरकार को घेरा

दिल्ली के तिलक नगर स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक और धार्मिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (आप) ने इस घटना को गंभीर बताते हुए दिल्ली में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करार दिया है।

पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गुरुद्वारा साहिब में हुई बेअदबी का मामला बेहद संवेदनशील है और इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी ने मामले को दबाने की कोशिश की और सीसीटीवी फुटेज डिलीट करने का प्रयास किया। सौरभ भारद्वाज ने बताया कि 15 नवंबर को तिलक नगर के शाहपुरा स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब के अंदर बेअदबी की घटना सामने आई थी। इस घटना में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के साथ बेअदबी किए जाने का आरोप है।

उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर संगत की ओर से गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। संगत का आरोप है कि कमेटी ने घटना की जानकारी सामने आने के बाद मामले को दबाने की कोशिश की। इतना ही नहीं, घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज को भी डिलीट करने का प्रयास किया गया, ताकि मामले से जुड़े अहम सबूत सामने न आ सकें।

भारद्वाज ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनाएं केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनसे समाज में तनाव और सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा भी पैदा होता है। बेअदबी करना अपने आप में गंभीर आपराधिक कृत्य है। ऐसे मामलों में यदि कोई व्यक्ति सबूतों के साथ छेड़छाड़ करता है या पुलिस को घटना की जानकारी देने से बचता है तो यह भी गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। इसलिए पूरे मामले की जांच गंभीरता से होनी चाहिए और यह पता लगाया जाना चाहिए कि घटना के बाद क्या कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि घटना के दो दिन बाद 17 नवंबर को जब संगत को इसकी जानकारी मिली तो तिलक नगर इलाके में सिख समुदाय के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और संबंधित गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रति लोगों की नाराजगी देखने को मिली। संगत का कहना है कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े इतने गंभीर मामले में पारदर्शिता बरतने के बजाय इसे दबाने की कोशिश की गई। इस वजह से समुदाय के लोगों में रोष है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मामले को गंभीरता से उठा रही है। पार्टी के तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह ने इस संबंध में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात का समय मांगा है। विधायक की ओर से मांग की गई है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार तत्काल हस्तक्षेप करे और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित करे।

सौरभ भारद्वाज ने सरकार से मांग की कि पंजाब की भगवंत मान सरकार की तर्ज पर दिल्ली में भी बेअदबी रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा में ऐसा कानून लाया जाना चाहिए, जिससे धार्मिक ग्रंथों और धार्मिक स्थलों की गरिमा के खिलाफ होने वाले अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई हो सके। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए केवल बयानबाजी पर्याप्त नहीं है, बल्कि मजबूत कानूनी व्यवस्था और सख्त कार्रवाई जरूरी है।

आप प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को सिख समुदाय की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस मामले में पारदर्शी जांच करानी चाहिए। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों को सुरक्षित रखकर घटना की पूरी सच्चाई सामने लानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली सरकार इस संवेदनशील मामले को प्राथमिकता देगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाएगी।

Leave feedback about this

  • Service