November 12, 2026
National

इंदौर: गौतमपुरा में हिंगोट युद्ध का आगाज, सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हुआ मुकाबला

मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर के गौतमपुरा में वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार दीपावली के दूसरे दिन हिंगोट युद्ध शुरू हो गया है। यहां मैदान में आग के गोले बरसाते नजर आ रहे हैं। गौतमपुरा के देवनारायण मंदिर के सामने स्थित मैदान में युद्ध के मैदान जैसा नजर आ रहा है, यहां आसमान से गुजरते आग के गोले एक से दूसरी तरफ गिर रहे हैं, यह नजारा है हिंगोट युद्ध का।

यहां तुर्रा और कलंगी दो दलों के बीच यह युद्ध हो रहा है। इस नजारे को देखने हजारों लोग मौके पर पहुंचे हैं। दर्शकों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने पूरे इंतजाम किए हैं। एक तरफ जहां जाली लगाई गई है, वहीं सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा प्राथमिक उपचार से लेकर एंबुलेंस की व्यवस्था भी मौके पर है।

स्थानीय लोगों की मानें तो यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और इसमें तुर्रा और कलंगी हिंगोट के जरिए एक दूसरे पर हमला बोलते हैं। पिछले सालों में कई बार लोग घायल हुए हैं।

प्रशासन द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं से यहां के लोग संतुष्ट हैं। प्रशासन ने यहां युद्ध में हिस्सा लेने वाले दलों के सदस्यों को कई बार हेलमेट पहनने और हाथ में एक सुरक्षा कवच लेने की भी सलाह दी। हिंगोट युद्ध को लेकर गौतमपुरा और आसपास के लोगों में एक माह पहले तैयारी शुरू हो जाती है।

हिंगोरिया एक नारियल जैसा फल होता है, जिसमें एक तरफ छेद कर अंदर का हिस्सा निकाल दिया जाता है, उसे सुखाया जाता है और उसमें बारूद भरी जाती है, साथ ही एक लकड़ी लगाई जाती है। युद्ध के दौरान इसमें आग लगाकर एक- दूसरे पर हमला किया जाता है, जिससे आकाश में ऐसे लगता है जैसे आग के गोले उड़ रहे हो।

लोग बताते हैं कि यह परंपरा करीब 200 साल पुरानी है, जो होलकर काल में शुरू हुई। स्थानीय योद्धा मुगल सेना से मुकाबले के दौरान हिंगोट में बारूद भरकर उसे हथियार की तरह इस्तेमाल करते थे। उसी बहादुरी की याद में यहां के लोग अनोखा ‘हिंगोट युद्ध’ मनाते हैं ।

Leave feedback about this

  • Service