May 12, 2026
Sports

आईपीएल 2026: अक्षर-मिलर के तूफानी अर्धशतक, दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हराया

IPL 2026: Axar-Miller’s stormy half-centuries help Delhi Capitals beat Punjab Kings by 3 wickets

 

धर्मशाला, दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 55वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 3 विकेट से जीत हासिल की। यह दिल्ली कैपिटल्स का आईपीएल में दूसरा सबसे सफल रन चेज रहा।

इस जीत के साथ डीसी प्वाइंट्स टेबल में एक पायदान ऊपर चढ़कर सातवें स्थान पर पहुंच गई है। डीसी ने 12 में से 5 मैच जीते हैं। दूसरी तरफ, लगातार चौथी हार के बाद पंजाब किंग्स 13 अंकों के साथ चौथे पायदान पर बनी हुई है।

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने 5 विकेट खोकर 210 रन बनाए। इस टीम को प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 6.5 ओवरों में 78 रन जुटाए।

प्रभसिमरन 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि प्रियांश ने 33 गेंदों में 6 छक्कों और 2 चौकों के साथ 56 रन की पारी खेली। इस टीम ने 97 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे, जिसके बाद कूपर कोनोली ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 83 रन की साझेदारी की।

कूपर 27 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान श्रेयस 36 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों के साथ 59 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि शेडगे ने 8 गेंदों में 21 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से मिचेल स्टार्क और माधव तिवारी ने 2-2 विकेट निकाले। मुकेश कुमार को 1 विकेट हाथ लगा।

इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 19 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। इस टीम ने 33 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए थे। यहां से ट्रिस्टन स्टब्स ने कप्तान अक्षर पटेल के साथ चौथे विकेट के लिए 23 गेंदों में 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला।

ट्रिस्टन स्टब्स 17 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद अक्षर ने डेविड मिलर के साथ पांचवें विकेट के लिए 34 गेंदों में 64 रन जोड़कर टीम को 138 के स्कोर तक पहुंचाया। कप्तान अक्षर 30 गेंदों में 2 छक्कों और 8 चौकों के साथ 56 रन बनाकर आउट हुए।

यहां से डेविड मिलर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 28 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों के साथ 51 रन बनाए, जबकि आशुतोष ने 10 गेंदों में 24 रन की तूफानी पारी खेली। विपक्षी खेमे से अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर ने 2-2 विकेट हासिल किए। बेन ड्वारशुइस और मार्कस स्टोइनिस ने 1-1 विकेट निकाला।

 

Leave feedback about this

  • Service