June 5, 2026
Entertainment

जैकी श्रॉफ ने निर्देशक अहमद खान को जन्मदिन पर दी शुभकामनाएं

Jackie Shroff wishes director Ahmed Khan on his birthday

मशहूर कोरियोग्राफर, निर्देशक और निर्माता अहमद खान बुधवार को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने उन्हें खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी। अभिनेता ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर अहमद खान की तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने लिखा, “जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं अहमद खान।”

अहमद खान भले ही आज कोरियोग्राफर, फिल्म निर्देशक, निर्माता और लेखक के रूप में प्रतिष्ठित पहचान रखते हैं, लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि उन्होंने अनिल कपूर की फिल्म ‘मिस्टर इंडिया’ में बाल कलाकार के रूप में काम किया था। इसके बाद उनका रुझान नृत्य की ओर हुआ। उन्होंने मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान के सहायक के रूप में काम करना शुरू किया।

बतौर स्वतंत्र कोरियोग्राफर उनकी पहली बड़ी फिल्म उर्मिला मातोंडकर और आमिर खान अभिनीत ‘रंगीला’ थी। इसके लिए उन्हें फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी पुरस्कार भी मिला। इसके अलावा उन्होंने ‘ताल’, ‘गजनी’ और ‘किक’ जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लोकप्रिय गीतों की कोरियोग्राफी कर बड़ी सफलता हासिल की।

कोरियोग्राफी में सफलता मिलने के बाद उन्होंने निर्देशन की ओर रुख किया और ‘लकीर’ तथा ‘फूल एंड फाइनल’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। इसके अलावा उन्होंने ‘पाठशाला’ जैसी फिल्मों का निर्माण और लेखन भी किया। एक्शन और डांस आधारित हिट फ्रेंचाइजी ‘बागी 2’ (2018) और ‘बागी 3’ (2020) का निर्देशन भी उन्होंने ही किया है।

पत्नी शायरा खान के साथ उनका अपना प्रोडक्शन हाउस ‘पेपरडॉल एंटरटेनमेंट’ है, जिसके बैनर तले ‘पाठशाला’ और ‘एक पहेली लीला’ जैसी फिल्मों का निर्माण किया गया।

वे टीवी पर भी काफी सक्रिय रहे हैं और ‘नच बलिए’ तथा ‘डांस इंडिया डांस’ जैसे बड़े डांस रियलिटी शो में जज की भूमिका निभा चुके हैं।

निर्देशक जल्द ही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ लेकर आ रहे हैं। यह एक बड़ी कॉमेडी-एक्शन फिल्म है, जिसमें अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल समेत कई सितारे मुख्य भूमिकाओं में हैं। अहमद खान के निर्देशन में बनी यह फिल्म 26 जून, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा वह अपनी अगली फिल्मों के निर्माण और निर्देशन की योजनाओं पर भी काम कर रहे हैं।

Leave feedback about this

  • Service