July 10, 2026
Entertainment

‘जूही मूई’ नहीं बनेगा सास-बहू ड्रामा, ईशा सिंह ने जताया भरोसा

‘Juhi Mui’ won’t turn into a typical saas-bahu drama; Eisha Singh expresses confidence.

10 जुलाई । टीवी अभिनेत्री ईशा सिंह इन दिनों अपने नए शो ‘जूही मूई’ को लेकर चर्चा में हैं। शो में वह एक ऑटिस्टिक लड़की जूही सूरी का किरदार निभा रही हैं, जिसकी सोच और प्रतिभा ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। आईएएनएस से बात करते हुए ईशा ने कहा कि आज के दर्शक ऐसी कहानियां भी पसंद कर रहे हैं, जिनमें समाज से जुड़े मुद्दों को दिखाया जाता है।

ईशा सिंह ने आईएएनएस से जब सवाल किया कि कई बार अलग सोच के साथ शुरू होने वाले शो बाद में सास-बहू ड्रामा में बदल जाते हैं। क्या ‘जूही मूई’ के साथ भी ऐसा होने की संभावना है, तो अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें ऐसा बिल्कुल नहीं लगता।

ईशा ने कहा, “मुझे विश्वास है कि इस शो के साथ ऐसा नहीं होगा, क्योंकि इसकी कहानी बाकी शोज से काफी अलग है। इस शो की पूरी कहानी एक खास विषय और अलग तरह के किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है, इसलिए इसे सामान्य टीवी ड्रामे की तरह नहीं देखा जा सकता।”

शो ‘जूही मूई’ में ईशा सिंह जूही सूरी नाम की एक होशियार और प्रतिभाशाली ऑटिस्टिक लड़की का किरदार निभा रही हैं। कहानी एक ऐसी युवती की है, जिसे समाज कई बार समझ नहीं पाता, लेकिन उसकी अलग सोच और क्षमता ही उसकी सबसे बड़ी पहचान बनती है। मौजूदा कहानी में जूही अपने पिता को खोने के बाद मुश्किल दौर से गुजर रही है। उसके पिता ही वह इंसान थे, जिन्होंने हमेशा उसे दुनिया की परेशानियों से बचाया और उसका साथ दिया।

ईशा ने कहा, “टेलीविजन एक ऐसा माध्यम है, जिसे बड़ी संख्या में लोग देखते हैं। इसलिए कई बार चैनल और निर्माता दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए कहानियां तैयार करते हैं। लंबे समय तक टीवी पर सास-बहू ड्रामा का दबदबा इसलिए रहा, क्योंकि दर्शक भी ऐसी कहानियों को काफी पसंद करते थे।”

ईशा ने आगे कहा, “टेलीविजन पर अलग और गंभीर विषयों पर आधारित कहानियां बहुत कम देखने को मिलती रही हैं। करीब 16 साल पहले ऑटिज्म जैसे विषय पर एक शो आया था, लेकिन उसके बाद इस तरह के विषय को दोबारा प्रमुखता मिलने में काफी समय लग गया। अब दर्शकों की सोच बदल रही है और लोग नई तरह की कहानियों को भी पसंद कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि ‘जूही मूई’ को दर्शकों ने जिस तरह स्वीकार किया है, वह इस बदलाव का संकेत है। दर्शकों ने शो के किरदारों को खुले दिल से अपनाया है, क्योंकि ये किरदार आम हीरो-हीरोइन की छवि से अलग हैं।

ईशा ने कहा, “समय बदल रहा है और टेलीविजन को भी इसके साथ बदलना होगा। सास-बहू ड्रामा के लिए हमेशा जगह रहेगी, लेकिन लोग अब अलग कहानियों को भी पसंद कर रहे हैं। दर्शकों ने ‘जूही मूई’ को बहुत प्यार दिया है। शो के किरदारों में अच्छाइयों के साथ कमियां भी हैं। सभी किरदार अपनी-अपनी दुनिया और सोच के साथ आगे बढ़ते हैं। कहानी यह दिखाती है कि कैसे अलग-अलग सोच रखने वाले लोग एक-दूसरे को समझना शुरू करते हैं और जिंदगी को एक नए नजरिए से देखने लगते हैं।”

‘जूही मूई’ कलर्स चैनल पर प्रसारित होता है।

Leave feedback about this

  • Service