July 14, 2026
Entertainment

‘आदर्श बाल विद्यालय’ में हेडमास्टर बने केके मेनन, बताया- ‘ज्ञानेश्वर त्रिपाठी में कई कमियां, लेकिन खूबियां दिलचस्प’

Kay Kay Menon becomes the headmaster at ‘Adarsh ​​Bal Vidyalaya’; says, “Gyaneshwar Tripathi has many flaws, but his qualities are interesting.”

अभिनेता केके मेनन अलग-अलग तरह की भूमिकाओं के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में जासूस, नेता, अपराधी और कई गंभीर किरदार निभाए हैं, लेकिन अब वह पहली बार एक स्कूल हेडमास्टर की भूमिका में नजर आने वाले हैं। अपकमिंग सीरीज ‘आदर्श बाल विद्यालय’ में केके मेनन ज्ञानेश्वर त्रिपाठी नाम के एक ऐसे हेडमास्टर का किरदार निभा रहे हैं, जो बाहर से लापरवाह दिखाई देता है, लेकिन अंदर से काफी समझदार और तेज दिमाग वाला इंसान है।

केके ने बताया, ”लंबे करियर में मैंने कई तरह के किरदार निभाए हैं, लेकिन हेडमास्टर की भूमिका मेरे लिए बिल्कुल नई है। जब मैंने पहली बार सीरीज की कहानी पढ़ी तो किरदार मुझे सबसे ज्यादा दिलचस्प लगा। ज्ञानेश्वर त्रिपाठी एक आम और जमीन से जुड़ा किरदार है। वह कोई परफेक्ट इंसान नहीं है, उसमें कई कमियां हैं, लेकिन उसका दिमाग तेज है। वह परिस्थितियों को समझता है और जरूरत पड़ने पर अपने पक्ष में इस्तेमाल करना जानता है। यही खूबियां किरदार को खास बनाती हैं।”

केके मेनन ने कहा, ”ज्ञानेश्वर का व्यक्तित्व मेरे लिए काफी चुनौतीपूर्ण और रोचक दोनों रहा। निर्देशक हिमांक गौर के नजरिए और निर्देशन के बिना ज्ञानेश्वर जैसे किरदार को पर्दे पर उतारना आसान नहीं था। इस सफर में मेरे को-स्टार्स का सहयोग भी काफी अहम रहा।”

‘आदर्श बाल विद्यालय’ एक सात एपिसोड की कॉमेडी-ड्रामा सीरीज है, जिसका निर्देशन हिमांक गौर ने किया है। इस सीरीज को विश्वपति सरकार और समीर सक्सेना ने बनाया है और पोशम पा पिक्चर्स के बैनर तले तैयार किया गया है।

सीरीज की कहानी ऐसे हेडमास्टर की है, जो एक खराब स्थिति वाले स्कूल को सुधारने की कोशिश करता है। टिंकी टोली नाम की जगह पर मौजूद यह स्कूल कई परेशानियों से जूझ रहा है और हेडमास्टर अपने तरीके से इसे बदलने की कोशिश करता है। कहानी में स्कूल की समस्याओं के साथ-साथ लोगों के रिश्तों, सोच और बदलाव की कोशिशों को भी मजेदार अंदाज में दिखाया गया है।

सीरीज में केके मेनन के अलावा अर्चना पूरन सिंह, अभिमन्यु सिंह, नवीन कस्तूरिया, प्रसन्ना बिष्ट, देवेन भोजानी, अजितेश गुप्ता, अन्नपूर्णा सोनी और प्राची शाह जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘आदर्श बाल विद्यालय’ का प्रीमियर 24 जुलाई से होगा।

Leave feedback about this

  • Service