June 17, 2026
Entertainment

‘अलायंस’ से रियलिटी शो होस्टिंग में डेब्यू करेंगे कुणाल खेमू, 26 जून से होगी स्ट्रीमिंग

Kunal Khemu to make his reality show hosting debut with ‘Alliance’; streaming begins on June 26.

17 जून । बॉलीवुड अभिनेता कुणाल खेमू जल्द ही रियलिटी शो होस्ट के रूप में अपना डेब्यू करने जा रहे हैं। वह नई सीरीज़ “अलायंस” को होस्ट करेंगे, जो 26 जून से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।

अलायंस’, जॉन डी मोल द्वारा निर्मित और वैश्विक स्तर पर प्रशंसित टाल्पा स्टूडियोज के डच फॉर्मेट का पहला अंतरराष्ट्रीय रूपांतरण है। इस हिंदी रियलिटी शो को बनिजे एशिया ने प्रोड्यूस किया है।

इस रियलिटी शो में 16 प्रतियोगी शुरुआत में तो सहयोगी के रूप में प्रवेश करेंगे, लेकिन अंतिम पुरस्कार (विजेता ट्रॉफी) की इस होड़ में बदलती वफादारी, आपसी छल और रणनीतिक दांव-पेच हर गठबंधन की कड़ी परीक्षा लेंगे।

बनिजे एशिया के फाउंडर और ग्रुप सीईओ दीपक धर ने एक बयान में कहा, “शो का नाम देखते हुए, यह कहना सही होगा कि हम इस प्रोजेक्ट के लिए प्राइम वीडियो के साथ जुड़कर बहुत उत्साहित हैं। इस फॉर्मेट की जिस बात ने हमें आकर्षित किया, वह थी इसका विशाल पैमाना। इसके गेम्स बड़े और सिनेमैटिक हैं और ऐसे हैं, जो हमने पहले कभी नहीं किए।”

उनके मुताबिक, “सिर्फ़ दिखावे से कोई फ़ॉर्मेट शानदार नहीं बनता। ‘अलायंस’ को जो चीज़ खास बनाती है, वह है रणनीति और परफॉर्मेंस के बीच लगातार चलने वाला तालमेल। इसमें कंटेस्टेंट्स को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से चुनौती दी जाती है और हर चुनौती नए मौके और नई मुश्किलें लेकर आती है। यह फ़ास्ट, अनप्रेडिक्टेबल और बहुत ही डायनामिक है।”

प्राइम वीडियो इंडिया के ओरिजिनल्स के डायरेक्टर और हेड निखिल मधोक ने कहा, “हम देश भर के दर्शकों के लिए ‘अलायंस’ लाने को लेकर बहुत उत्साहित हैं। भारत के लिए अपनी तरह के इस पहले फॉर्मेट में ‘अलायंस’ में स्ट्रैटेजी, बदलती वफ़ादारी और लगातार बदलते गेमप्ले का मेल होगा। यह एक ऐसा शानदार अनुभव देगा जो शुरू से आखिर तक हर दिन दर्शकों को बांधे रखेगा।”

उनके मुताबिक, “…‘द ट्रेटर्स इंडिया’ और काजोल व ट्विंकल के साथ ‘टू मच’ जैसे हमारे अनस्क्रिप्टेड शो को जो सफलता मिली है, वह अलग और हटकर रियलिटी कंटेंट की बढ़ती मांग को दिखाती है।”

एक्टर की बात करें तो, वह प्रीति जिंटा के साथ अपनी आने वाली फ़िल्म “वाइब” की रिलीज की तैयारी कर रहे हैं। यह हाई-स्टेक्स एक्शन-कॉमेडी फ़िल्म “वाइब” 18 सितंबर को रिलीज होगी।

ड्रोंगो फिल्म्स के बैनर तले कुणाल खेमू और चिराग निहलानी द्वारा प्रोड्यूस की गई फिल्म “वाइब” दो ऐसे पक्के दोस्तों की कहानी है, जिनकी आम जिंदगी अचानक एक ऐसे रोमांचक और जबरदस्त एडवेंचर में बदल जाती है, जो उनकी जान बचाने की हिम्मत और दोस्ती की परीक्षा लेता है।

Leave feedback about this

  • Service