August 13, 2026
National

लखनऊ : स्वतंत्रता दिवस से पहले दारुल उलूम फरंगी महल में तिरंगा पेंटिंग प्रतियोगिता, बच्चों में दिखा उत्साह

Lucknow: Tricolour painting competition held at Darul Uloom Farangi Mahal ahead of Independence Day; children showed great enthusiasm.

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दारुल उलूम फरंगी महल ईदगाह में गुरुवार को ‘तिरंगा पेंटिंग प्रतियोगिता’ आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और तिरंगे की थीम पर सुंदर पेंटिंग बनाकर देश के प्रति अपना प्यार और सम्मान जाहिर किया

इस मौके पर मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली और ईदगाह के अन्य धर्मगुरु भी मौजूद रहे। तीन दिन तक चलने वाले जश्न-ए-आजादी कार्यक्रमों की शुरुआत इसी प्रतियोगिता से हुई। छात्रा नफिजा ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, “हम लोग सिर्फ आज ही नहीं, कभी भी हमारे देश से जुड़ा कोई भी कार्यक्रम होता है या कुछ भी होता है, हम हमेशा गर्व महसूस करते हैं। आज भी हमें काफी गर्व महसूस हो रहा है।”

एक अन्य छात्र मोहम्मद हारू शादाब ने बताया, “हमारे यहां 15 अगस्त और 26 जनवरी पर तीन दिनों का प्रोग्राम होता है। यहां पर क्विज होता है, तिरंगा पेंटिंग प्रतियोगिता होती है और अन्य मुकाबले भी होते हैं।” इन दौरान छात्र मोहम्मद अफ्फान ने, ‘तिरंगा जिंदाबाद, तिरंगा जिंदाबाद, इसके तले हम लोग यहां पर रहते हैं आजाद’, नज्म गाकर माहौल को देशभक्ति से भर दिया।

वहीं, इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा, “हर साल लखनऊ के दारुल उलूम फरंगी महल में इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया की ओर से स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया जाता है। पहले दिन यहां तिरंगा पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। छात्र बहुत उत्साह के साथ तिरंगा बना और पेंट कर रहे हैं, जिसके बाद बच्चों को इनाम दिए जाएंगे। इसका मकसद बच्चों के दिलों में अपने देश के झंडे, तिरंगे के प्रति प्यार और लगाव पैदा करना भी है।”

उन्होंने आगे बताया कि 15 अगस्त के दिन हर साल की तरह इस साल भी लखनऊ में बड़े पैमाने पर जश्न-ए-आजादी की तकरीबात होंगी। मदरसे के बच्चे भी खास प्रस्तुतियां देंगे। ध्वजारोहण भी होगी और सुबह प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसमें तमाम बच्चे हाथ में तिरंगा लेकर पुराने लखनऊ का गश्त करके एक अच्छा पैगाम देने की कोशिश करगें।”

Leave feedback about this

  • Service