June 24, 2026
National

महाराष्ट्र: वाशिम में समृद्धि महामार्ग पर बड़ा हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 20 यात्री घायल

Maharashtra: Major accident on Samruddhi Highway in Washim, 20 passengers injured in bus-truck collision

महाराष्ट्र के वाशिम जिले के समृद्धि महामार्ग पर मंगलवार और बुधवार की मध्य रात्री को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। चैनल नंबर 223 के पास संजय ट्रैवल्स की एक यात्री बस ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार करीब 20 यात्री घायल हो गए। बस चालक, क्लीनर समेत चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस में कुल 34 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक का वाहन पर नियंत्रण खो जाने के कारण बस ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची।

राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला गया और उन्हें वाशिम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में सभी घायलों का उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इससे पहले, 1 जून को मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक कंटेनर के पलट जाने और फिर दूसरे ट्रक से टकराने से बड़ा हादसा हुआ था। इस हादसे में ट्रक सवार दो लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के कारण कई घंटों तक यातायात बाधित रहा।

इसी तरह, 28 मई को मुंबई-गोवा हाईवे पर परशुराम घाट में केमिकल टैंकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें चालक की मौत हो गई थी। टैंकर लोटी से गोवा की ओर जा रहा था। इसी दौरान परशुराम घाट के खतरनाक मोड़ पर अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन ढलान और तेज रफ्तार के कारण वह नियंत्रण खो बैठा और टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

24 मई को भी महाराष्ट्र के वाशिम जिले में बड़ा हादसा हुआ था। वर्धा जिले की ओर डीजल लेकर जा रहे टैंकर से ड्राइवर का नियंत्रण बिगड़ने से हादसा हो गया। हादसा इतना भीषण था कि ड्राइवर टैंकर की केबिन के नीचे फंस गया। वहीं, टैंकर से लगातार डीजल रिसाव होने के कारण मौके पर विस्फोट का खतरा भी पैदा हो गया था।

Leave feedback about this

  • Service