शिया धर्मगुरु मौलाना सैयद सैफ अब्बास ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत की यात्रा के दौरान शताब्दी एक्सप्रेस पर हुए पथराव की घटना की आलोचना की है। उन्होंने ऐसी घटनाएं हमारे देश और समाज के लिए हानिकारक हैं। इसके साथ ही, मौलाना अब्बास ने गाजियाबाद में जिम ट्रेनरों के पुलिस वेरिफिकेशन के आदेश पर भी प्रतिक्रिया दी।
मौलाना सैयद सैफ अब्बास ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “भारत के एक बड़े संगठन के सरसंघचालक मोहन भागवत को इस घटना का सामना करना पड़ा है और मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। मेरा मानना है कि इस मामले की जांच के लिए जल्द से जल्द एक कमेटी बनाई जानी चाहिए और दोषियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।”
सैयद सैफ अब्बास ने यह भी कहा कि ऐसी घटनाएं हमारे देश और समाज के लिए हानिकारक हैं। दरअसल, फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन के पास लखनऊ-दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस के एक कोच पर पत्थर फेंके गए थे। इसी कोच में संघ प्रमुख मोहन भागवत यात्रा कर रहे थे। हालांकि, इस घटना में मोहन भागवत को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था।
वहीं, मौलाना सैयद सैफ अब्बास ने गाजियाबाद में जिम ट्रेनरों के पुलिस वेरिफिकेशन के फैसले पर जिला प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा, “गाजियाबाद के जिलाधिकारी का जारी किया गया आदेश मेरी राय में एक बहुत अच्छा कदम है। आज के हालात में, जब ऐसी घटनाएं और गड़बड़ियां हो रही हैं, यह जानना और पहचानना जरूरी है कि सही लोग कौन हैं और गलत कौन। इस आदेश से समाज में एक सकारात्मक संदेश जाएगा। इस तरह आपसी दुश्मनी की घटनाओं में भी कमी आएगी।”
बता दें कि गाजियाबाद जिला प्रशासन ने सभी जिम ट्रेनरों के लिए पुलिस वेरिफिकेशन और आईडी दिखाना अनिवार्य कर दिया है। गाजियाबाद में संचालित सभी जिमों में कार्यरत ट्रेनरों की पहचान के लिए जिला प्रशासन ने यह बड़ा कदम उठाया है।


Leave feedback about this