April 26, 2024
National

ईडी घर जाकर सोनिया से कर सकती थी पूछताछ : अशोक गहलोत

नई दिल्ली,  कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दफ्तर में पूछताछ के लिए हाजिर होंगी। ईडी की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस नारजगी व्यक्त कर रही है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इसकी निंदा की है और सरकार पर निशाना साधा है। अशोक गहलोत ने कहा, ईडी ने पिछली बार राहुल जी को बुलाया था। 5 दिन पूछताछ हुई और आज सोनिया जी को बुलाया है। सरकार को शर्म नहीं आती कि किसी महिला के साथ इस तरह का व्यवहार हो रहा है। ईडी घर जाकर भी बयान ले सकती थी। सरकार का रवैया निन्म स्तर का है, उन्हें चिंता नहीं देश क्या सोच रहा होगा? कानून सबके लिए समान है लेकिन इनकी सरकार में शामिल होने वाला व्यक्ति पर सभी आरोप मिट जाते हैं।

इस मामले में मनी लांड्रिंग कहां है? ईडी प्रेस वार्ता कर आरोपों के बारे में बताएं। ईडी का इस्तेमाल होना खतरनाक ट्रेंड है। देश में विधान की धज्जियां उड़ रहीं है। देश में लोग घुटन महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा, पुलिस ने बाहर छावनी बना रखा है, यह हमारा मुख्यालय है। बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक स्थिति डावांडोल है। राजनीती में दुश्मन होना चाहिए, लेकिन यह हमें दुश्मन मानते हैं। कांग्रेस मुक्त भारत की बजाये विपक्ष मुक्त भारत चाहते हैं।

इसके अलावा कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, अमित शाह और मोदी का गठबंधन एजेंसीस के साथ है। साजिश सिर्फ हमें चुप कराने की है, नीयत विपक्ष मुक्त भारत बनाने की है। यह हमें क्यों चुप कराना चाहते हैं। क्यूंकि हम मुद्दों को उठाते हैं जिनसे इनकी नींद उड़ी हुई है। मोदी जी को पार्टी की तासीर समझने में कई जन्म लेने पड़ेंगे, यदि यह समझ लेंगे तो इनका यह जन्म सफल हो जाएगा।

सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ को लेकर कांग्रेस नेताओं ने यह तय किया है कि देशभर मे पार्टी इसके खिलाफ प्रदर्शन करेगी। इसी के साथ ही कांग्रेस ने इस मौके पर देश भर में ईडी दफ्तर के घेराव, कई जगहों पर चक्का जाम और ईडी दफ्तर तक मार्च की योजना बनाई है।

जानकारी के अनुसार, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी, सोनिया गांधी के साथ उनको ईडी दफ्तर तक छोड़ने जा सकते हैं। उधर, राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस के सांसद संसद भवन से बस के जरिए या पैदल मार्च करना चाहते हैं, फिलहाल ये अभी तय होना है।

दरअसल ईडी नेशनल हेराल्ड मामले में तथाकथित रूप से वित्तीय अनियमितता के मामले में सोनिया गांधी से सवाल करेगी। इस केस में ईडी ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत कंपनी से जुड़े कई अन्य कांग्रेस नेताओं पर पीएमएल के तहत मामला दर्ज किया है।

Leave feedback about this

  • Service