N1Live National नोएडा : फैक्ट्री में भीषण आग, 32 लोग अस्पताल में भर्ती; 250 के करीब लोग नाइट शिफ्ट में कर रहे थे काम (लीड-1)
National

नोएडा : फैक्ट्री में भीषण आग, 32 लोग अस्पताल में भर्ती; 250 के करीब लोग नाइट शिफ्ट में कर रहे थे काम (लीड-1)

Noida: Massive fire at factory; 32 people hospitalized; around 250 people were working in the night shift (Lead-1)

12 मार्च । नोएडा के सेक्टर-4 स्थित इलेक्ट्रॉनिक मीटर बनाने वाली एक फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों के बीच भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

इस हादसे में अब तक करीब 32 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में रखा गया है, जबकि अन्य का इलाज जनरल वार्ड में चल रहा है। बताया जा रहा है कि आग लगने के समय फैक्ट्री में रात की शिफ्ट में करीब 200 से 250 कर्मचारी काम कर रहे थे। अचानक आग लगने के बाद पूरे परिसर में धुआं भर गया, जिससे कर्मचारियों को सांस लेने में काफी दिक्कत होने लगी।

कई लोग धुएं के कारण सफोकेशन (घुटन) का शिकार हो गए, जिन्हें गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं भगदड़ के दौरान गिरने और टकराने से भी कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 30 से ज्यादा फायर टेंडर, फोम टेंडर और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म को लगाया गया।

दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री की खिड़कियों के शीशे तोड़कर अंदर फंसे कर्मचारियों को अलग-अलग जगहों से सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। घटना की जानकारी मिलने के बाद ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली और भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। ज्वाइंट सीपी राजवीर नारायण मिश्रा ने बताया कि सुबह सेक्टर-4 की एक फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी, जहां इलेक्ट्रॉनिक मीटर बनाए जाते हैं।

दमकल विभाग की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू किया। उन्होंने बताया कि धुआं काफी ज्यादा था, जिसकी वजह से कई लोगों को घुटन की समस्या हुई। उन्होंने कहा कि अब तक दो दर्जन से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ लोग भगदड़ के दौरान गिरने से घायल हुए हैं।

हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी लोग खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम ने फैक्ट्री मालिक और कर्मचारियों से भी संपर्क किया है। उनके अनुसार फिलहाल फैक्ट्री के अंदर किसी के फंसे होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग द्वारा आग पर पूरी तरह काबू पाने और कूलिंग का काम अभी भी जारी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

Exit mobile version