N1Live National नोएडा: समलैंगिक संबंध के चलते हुई थी महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
National

नोएडा: समलैंगिक संबंध के चलते हुई थी महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Noida: Woman killed in ongoing same-sex relationship, accused arrested

17 अप्रैल । नोएडा के थाना सेक्टर-113 क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का सफल खुलासा किया है।

यह घटना ग्राम सर्फाबाद की है, जहां एक महिला की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी और आरोपी को टिवोली फार्म हाउस के पास से धर दबोचा।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मौहम्मद शफीक उर्फ जावेद (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूलरूप से फतेहपुर जिले के गाजीपुर कस्बे का रहने वाला है और वर्तमान में सर्फाबाद, सेक्टर-73 में किराए के मकान में रह रहा था।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, वह चौंकाने वाला है। आरोपी ने बताया कि उसके मृतका के बेटे के साथ समलैंगिक संबंध थे, जिसे मृतका बिल्कुल पसंद नहीं करती थी। इसी कारण वह दोनों के मिलने-जुलने का विरोध करती थी। आरोपी ने मृतका के बेटे से संपर्क बनाए रखने के लिए एक योजना बनाई थी, जिसके तहत वह अपनी मौसी की बेटी की शादी मृतका के बेटे से कराना चाहता था।

हालांकि, मृतका फूलजहां इस प्रस्ताव के लिए बार-बार मना कर रही थी। घटना वाले दिन यानी 15 अप्रैल को भी आरोपी इसी विषय पर बातचीत करने मृतका के घर गया था, लेकिन जब मृतका ने एक बार फिर शादी से इनकार कर दिया तो आरोपी आक्रोश में आ गया।

गुस्से में उसने चाकू निकालकर मृतका पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध चाकू और मृतका का टूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version