N1Live National विदेश भेजने के नाम पर ठगी में एक आरोपी बिसरख से गिरफ्तार, साथी की तलाश
National

विदेश भेजने के नाम पर ठगी में एक आरोपी बिसरख से गिरफ्तार, साथी की तलाश

One accused arrested from Bisrakh for fraud in the name of sending abroad, search for partner

9 मार्च । ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 पासपोर्ट, फर्जी वीजा की 24 फोटोकॉपी, 90 विजिटिंग कार्ड, वीजा के 6 खाली लिफाफे, 37 लेटर पैड, 2 मोहर, 3 मोबाइल फोन और 47 हजार रुपए कैश शामिल हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार 7 मार्च 2026 को एक व्यक्ति ने थाना बिसरख में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सक्षम शर्मा उर्फ बिट्टू शर्मा और उसका साथी राजीव शर्मा उर्फ सुरेंद्र ने गौड़ सिटी मॉल में स्काई वीजा वेंचर नाम से एक ऑफिस खोल रखा था। यह लोग कॉलिंग और अन्य माध्यमों से लोगों से संपर्क कर उन्हें विदेश भेजने का झांसा देते थे।

आरोपी लोगों को फिनलैंड, पोलैंड और रूस जैसे देशों में नौकरी दिलाने और वर्क वीजा बनवाने का भरोसा दिलाते थे। इसके लिए वे ग्राहकों से उनका पासपोर्ट ले लेते थे और वीजा बनवाने के नाम पर 80 हजार से लेकर 1 लाख रुपए तक फीस वसूलते थे। कुछ लोगों के साथ विदेश में नौकरी दिलाने की गारंटी के एग्रीमेंट भी तैयार किए गए थे।

जब ग्राहक अपने वीजा और पासपोर्ट के बारे में जानकारी मांगते थे तो आरोपी फर्जी वीजा तैयार करके उसकी फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से भेज देते थे। बाद में जब पीड़ितों ने संबंधित एंबेसी से जानकारी की तो पता चला कि वीजा पूरी तरह से फर्जी है। इस तरह आरोपियों ने कई लोगों से लाखों की ठगी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित की गई और जांच शुरू की गई।

8 मार्च 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने सक्षम शर्मा उर्फ बिट्टू शर्मा को बिसरख थाना क्षेत्र के एटीएस रोड स्थित साई नर्सरी के सामने से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर लोगों को विदेश भेजने के नाम पर फर्जी वीजा तैयार करता था।

उसने यह भी बताया कि उसके खिलाफ पहले भी मेरठ के थाना मेडिकल और हरियाणा के पानीपत में इसी तरह के मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह ने सैकड़ों लोगों को अपना शिकार बनाकर लाखों की ठगी की है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी राजीव शर्मा उर्फ सुरेंद्र की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश कर रही है। साथ ही मामले में आगे की जांच जारी है।

Exit mobile version