June 25, 2026
Entertainment

वेतन असमानता पर पल्लवी जोशी का छलका दर्द, कहा- ‘सबसे ज्यादा लोकप्रिय होने के बावजूद मिली आधी फीस’

Pallavi Joshi opens up about the pain of pay disparity, says, ‘Despite being the most popular, I received half the fee.’

अभिनेत्री और प्रोड्यूसर पल्लवी जोशी ने 80 और 90 के दशक में अपने अभिनय से घर-घर में पहचान बनाई। उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर टीवी से लेकर बड़े पर्दे तक सफर तय किया। इस दौरान उन्हें वेतन असमानता का सामना करना पड़ा। इसको लेकर पल्लवी जोशी ने आईएएनएस संग खुलकर अपनी बात रखी और दर्द बयां किया।

पल्लवी जोशी ने कहा, ”90 के दशक में, जब मैं अपने करियर के चरम पर थी, तब भी मुझे पुरुष कलाकारों की तुलना में कम वेतन मिलता था। उस समय मैं टीवी की सबसे ज्यादा फीस पाने वाली अभिनेत्रियों में से एक थीं, लेकिन इसके बावजूद मेरे साथ काम करने वाले पुरुष कलाकारों की तुलना में मेरी कमाई काफी कम थी।”

पल्लवी जोशी ने बताया, ”एक समय ऐसा भी था जब एक मैगजीन कवर पेज पर मेरी और अभिनेता शेखर सुमन की तस्वीर एक साथ छपी थी। उस दौर में हम दोनों टीवी के सबसे लोकप्रिय और सबसे ज्यादा फीस पाने वाले कलाकारों में गिने जाते थे। शेखर सुमन को उस समय मेरी तुलना में लगभग दोगुनी फीस मिलती थी।”

उन्होंने कहा, ”यह किस्सा अपने आप में उस दौर की स्थिति को उजागर करता है कि कैसे महिला कलाकारों को बराबर काम और लोकप्रियता के बावजूद कम भुगतान किया जाता था। यह अंतर उस समय इंडस्ट्री में सामान्य बात थी।”

उन्होंने कहा, ”भले ही मुझे उस समय की सबसे सफल और ज्यादा फीस पाने वाली अभिनेत्री माना जाता था, लेकिन वास्तविकता यह थी कि पुरुष सहकलाकारों की तुलना में कमाई हमेशा कम ही रही। यह अनुभव मेरे लिए एक सोचने वाला विषय था और मैंने इसे उस समय चुपचाप स्वीकार किया, क्योंकि उस दौर में इस तरह के मुद्दों पर खुलकर बात नहीं होती थी।”

बता दें कि पल्लवी जोशी ने 80 और 90 के दशक में भारतीय टेलीविजन पर एक मजबूत पहचान बनाई थी। उन्होंने कई लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया, जिनमें ‘मृगनयनी’, ‘तलाश’ और ‘आरोहण’ जैसे शो शामिल हैं। इस बातचीत के दौरान शेखर सुमन का भी जिक्र हुआ, जो उस समय टीवी इंडस्ट्री के बेहद लोकप्रिय अभिनेता थे। उन्होंने ‘देख भाई देख’, ‘वाह जनाब’ और ‘मूवर्स एंड शेकर्स’ जैसे हिट शोज से दर्शकों के बीच बड़ी पहचान बनाई थी और अभी यूट्यूब शो ‘शेखर टुनाइट’ को लेकर भी काफी चर्चा में हैं।

Leave feedback about this

  • Service