September 16, 2026
National

पप्पू यादव ने कृषि मंत्री शिवराज से मांगा बिहार के लिए 10000 करोड़ का बाढ़ राहत पैकेज

यूपीआई चार्ज विवाद और पश्चिम बंगाल के नए कानून, बिहार में यूसीसी लागू करने को लेकर एनडीए में मतभेद पर निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने प्रतिक्रिया दी है। इसके साथ ही बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बिहार दौरे पर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने तंज कसा है।

पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “शिवराजजी, बिहार में स्वागत है। 2008 में राज्य के 5-6 जिले बाढ़ प्रभावित थे तो डॉ. मनमोहन सिंह सरकार ने 1000 करोड़ का तत्काल पैकेज और राष्ट्रीय आपदा घोषित किया था। आज 18 जिले बाढ़ग्रस्त हैं तो आपकी सरकार नदारद है। देर से ही सही आए हैं तो 10000 करोड़ का बाढ़ राहत पैकेज की घोषणा कीजिए।”

सांसद ने एक अन्य पोस्ट में कहा, “भाजपा सरकार 60 लाख लोगों के बाढ़ पीड़ित होने का दावा करती है लेकिन मात्र 8 लाख को ही 7-7 हजार रुपये देने की घोषणा करती है। क्या यह अंधेरगर्दी नहीं है? यह 8 लाख परिवार कौन हैं, कैसे तय किया गया? क्या यह अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बंदरबांट का खेल तो नहीं है? क्या यह एक और लूटखसोट का खेल है?”

2000 से ज्यादा के यूपीआई ट्रांजैक्शन पर 0.4 फीसदी चार्ज लगाए जाने पर सांसद पप्पू यादव ने आईएएनएस से कहा, “अमेरिका के दबाव में भाजपा सरकार काम कर रही है। इसके चलते गब्बर (यूपीआई चार्ज) टैक्स लगा दिया। इस चार्ज से मिडिल क्लास व्यापारी पर सबसे अधिक बोझ पड़ेगा। भारत की जनता के साथ भाजपा खिलवाड़ कर रही है। यूपीआई ट्रांजेक्शन पर चार्ज लगना सही नहीं है।

पश्चिम बंगाल के नए कानून पर उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री का पैसा लेने वाला वीडियो वायरल है। जो सबसे ज्यादा भ्रष्टाचारी है, वह वसूली रोकने की बात कह रहा है। तृणमूल कांग्रेस को टारगेट कर कानून बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री को पहले अपने गिरबान में झांककर देखना चाहिए।”

बिहार में यूसीसी लागू करने को लेकर एनडीए में मतभेद पर पप्पू यादव ने कहा, “भाजपा सरकार किसानों, बेरोजगारी और युवाओं के मुद्दों पर फेल हुई है। मंदिर के चढ़ावा चोरी पर चुप्पी साधने और सनातन की संस्कृति पर हमला करने वाली यह सरकार मुद्दों को भटकाने के लिए यूसीसी का सहारा ले रही है। यह 2027 में होने वाले चुनाव का लाभ लेने के लिए किया जा रहा है।”

Leave feedback about this

  • Service