N1Live National पटना : खत्म हुई नगर निगम के सफाईकर्मियों की हड़ताल, सरकार से वार्ता के बाद बनी सहमति
National

पटना : खत्म हुई नगर निगम के सफाईकर्मियों की हड़ताल, सरकार से वार्ता के बाद बनी सहमति

Patna: Municipal sanitation workers' strike ends; consensus reached following talks with the government.

राजधानी पटना समेत राज्य के नगर निकायों में पिछले आठ दिनों से जारी सफाईकर्मियों की हड़ताल गुरुवार को समाप्त हो गई। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा के साथ सफाईकर्मियों के प्रतिनिधिमंडल की हुई वार्ता में प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद संघर्ष समिति ने आंदोलन वापस लेने और कर्मचारियों के काम पर लौटने की घोषणा की।

इससे राजधानी सहित अन्य नगर निकायों में सफाई व्यवस्था के जल्द सामान्य होने की उम्मीद बढ़ गई है। हड़ताल के कारण पटना शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई थी। सड़कों, बाजारों, मोहल्लों और रिहायशी इलाकों में कूड़े का अंबार लग गया था।

लगातार हो रही बारिश के बीच गीला कचरा जमा होने से दुर्गंध फैल रही थी और कई इलाकों में संक्रमण का खतरा भी बढ़ने लगा था। शहरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसके बाद सरकार ने मामले में सक्रिय हस्तक्षेप किया। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने सफाईकर्मियों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत बातचीत की। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

वार्ता के दौरान कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई और अधिकांश मांगों पर सहमति बन गई, जबकि अन्य मांगों पर सरकार ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।

बैठक के बाद मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा, ”सभी कर्मचारियों का धन्यवाद, जिन्होंने हम पर विश्वास किया। जो हमारे शहर को साफ रखने का काम करते हैं, उनके लिए जो भी आवश्यक निर्णय लेने होंगे, हम करेंगे। कई मांगों पर सहमति बन गई है। कुछ मामलों के लिए समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है, जबकि कुछ निर्णय ऐसे हैं, जिनके लिए मंत्रिपरिषद की स्वीकृति आवश्यक होगी।”

सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को हर हाल में हड़ताल समाप्त कराने के निर्देश दिए थे। साथ ही आंदोलन के दौरान कर्मचारियों के खिलाफ की गई दंडात्मक कार्रवाई समाप्त करने का भी निर्णय लिया गया, जिससे वार्ता का रास्ता आसान हुआ और दोनों पक्षों के बीच सहमति बन सकी।

इससे पहले पटना नगर निगम में महापौर सीता साहू की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि सफाईकर्मियों की अधिकांश मांगें नगर निगम के अधिकार क्षेत्र से बाहर हैं। ऐसे में इन मांगों से संबंधित प्रस्ताव नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया, ताकि राज्य सरकार स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

महापौर सीता साहू ने कहा कि पटना नगर निगम हमेशा से सफाईकर्मियों के हितों और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार और कर्मचारियों के बीच बनी सहमति से सफाई व्यवस्था शीघ्र पूरी तरह बहाल हो जाएगी।

Exit mobile version