N1Live Entertainment रणवीर सिंह: कभी खर्च निकलने के लिए किया पार्ट टाइम काम, फिर तय किया कॉपीराइटर से लेकर बॉलीवुड स्टार बनने का सफर
Entertainment

रणवीर सिंह: कभी खर्च निकलने के लिए किया पार्ट टाइम काम, फिर तय किया कॉपीराइटर से लेकर बॉलीवुड स्टार बनने का सफर

Ranveer Singh: Once worked part-time to make ends meet, then charted a journey from copywriter to Bollywood star.

आदित्य धर द्वारा निर्देशित फिल्म धुरंधर में एक्टर रणवीर सिंह की भूमिका को काफी सराहा गया, लेकिन इस सफलता के पीछे संघर्ष की एक लंबी कहानी है। आज करोड़ों दिलों पर राज करने वाले रणवीर कभी अपनी पढ़ाई के दौरान खर्च चलाने के लिए छोटे-मोटे काम किया करते थे। कॉलेज के दिनों में उन्होंने पार्ट-टाइम नौकरी की, वहीं विज्ञापन एजेंसियों में कॉपीराइटर के रूप में भी काम किया, लेकिन इन सबके बीच उनका सपना सिर्फ एक था बॉलीवुड में अभिनेता बनना। मेहनत के दम पर उन्होंने न सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई, बल्कि आज वह हिंदी सिनेमा के सबसे सफल और सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले अभिनेताओं में गिने जाते हैं।

रणवीर सिंह का जन्म 6 जुलाई 1985 को मुंबई के एक सिंधी परिवार में हुआ था। बचपन से ही उन्हें फिल्मों और अभिनय में गहरी रुचि थी। स्कूल के समय से ही वे नाटकों और डिबेट्स में हिस्सा लेते थे। वह आगे चलकर अमेरिका की इंडियाना यूनिवर्सिटी ब्लूमिंगटन में पढ़ने गए, जहां उन्होंने टेली-कम्युनिकेशन और थिएटर की पढ़ाई की।

कॉलेज के दिनों में रणवीर का जीवन काफी सामान्य और संघर्ष भरा था। इस दौरान उन्होंने अपने रोजमर्रा के खर्चों को पूरा करने के लिए पार्ट-टाइम काम किया। इसी दौरान उन्होंने थिएटर किया और एक्टिंग की बारीकियां सीखीं, जिसने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया।

भारत लौटने के बाद रणवीर ने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने से पहले विज्ञापन जगत में काम किया। उन्होंने मशहूर एजेंसियों के लिए क्रिएटिव आइडिया और लेखन का काम किया। यह अनुभव उनके लिए बहुत काम आया क्योंकि इससे उनकी सोच और मजबूत हुई लेकिन उनका सपना हमेशा से ही अभिनेता बनने का था, इसलिए उन्होंने नौकरी छोड़कर ऑडिशन देना शुरू कर दिया।

काफी संघर्ष के बाद 2010 में उन्हें यश राज फिल्म्स की ‘बैंड बाजा बारात’ में मुख्य भूमिका मिली। यह फिल्म उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुई। इस फिल्म में दिल्ली के लड़के बिट्टू शर्मा का किरदार निभाकर उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया और उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। इसके बाद उन्होंने ‘लेडीज वर्सेस रिकी बहल’, ‘लुटेरा’, ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’, ‘बाजीराव मस्तानी’, ‘पद्मावत’, ‘गली बॉय’ और ‘सिम्बा’ जैसी कई बड़ी फिल्मों में काम किया और हर बार अपने अभिनय से खुद को साबित किया।

अपने करियर में उन्होंने कई पुरस्कार जीते हैं, जिनमें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स सबसे प्रमुख हैं। वे भारत के सबसे चर्चित और सबसे अधिक कमाई करने वाले अभिनेताओं में शामिल हैं। उनकी लोकप्रियता सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों में भी उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है।

Exit mobile version