N1Live Entertainment दो महीने तक दर्द से जूझती रहीं सुमोना चक्रवर्ती, एंडोमेट्रियोसिस सर्जरी के बाद सुनाई आपबीती
Entertainment

दो महीने तक दर्द से जूझती रहीं सुमोना चक्रवर्ती, एंडोमेट्रियोसिस सर्जरी के बाद सुनाई आपबीती

Sumona Chakravarti battled pain for two months; shares her ordeal after endometriosis surgery.

टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री सुमोना चक्रवर्ती लंबे समय से सोशल मीडिया से दूर थीं, लेकिन अब खुद अभिनेत्री ने इस दूरी की वजह बताते हुए अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर का खुलासा किया है। सुमोना ने बताया कि पिछले दो महीने उनके लिए शारीरिक और मानसिक रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण रहे। उन्हें एंडोमेट्रियोसिस नाम की गंभीर बीमारी के कारण सर्जरी करानी पड़ी। अब स्वस्थ होने के बाद उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस पूरे सफर ने उनकी सोच, जिंदगी और सोशल मीडिया को देखने का नजरिया पूरी तरह बदल दिया है।

सुमोना ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा, ”4 मई को मेरी एंडोमेट्रियोसिस की सर्जरी हुई। कई सालों से मैं इस बीमारी को दवाओं और इलाज के जरिए संभालने की कोशिश कर रही थीं लेकिन समय के साथ यह काफी बढ़ गई। आखिरकार डॉक्टरों ने सर्जरी का फैसला लिया। पिछले दो महीने मैंने सिर्फ खुद को ठीक करने में लगाए। अब मैं पहले से काफी बेहतर हूं और खुद को पूरी तरह स्वस्थ महसूस कर रही हैं।”

अभिनेत्री ने अपनी डॉक्टर और पूरी मेडिकल टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा, ”डॉक्टर और उनकी टीम मेरे लिए किसी फरिश्ते से कम नहीं है। उन्होंने न सिर्फ मेरा इलाज किया, बल्कि उस दर्द और मानसिक स्थिति को भी समझा, जिसे शायद दूसरे लोग महसूस नहीं कर पा रहे थे। मैं जिंदगीभर उनके इस सहयोग के लिए आभारी रहूंगी। मैं यह पोस्ट किसी तरह की सहानुभूति पाने के लिए नहीं कर रही हूं।”

उन्होंने आगे लिखा, ”इस बीमारी और सर्जरी ने मुझे जीवन को नए नजरिए से देखने की सीख दी है। पहले मैं सोशल मीडिया छोड़ने तक का सोच रही थीं। मुझे लगता था कि व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसी चीजों से पूरी तरह दूर हो जाना चाहिए। हालांकि बाद में मुझे एहसास हुआ कि यह मेरे काम, परिवार, दोस्त और रोजमर्रा की जिंदगी से भी जुड़ा है। अब मैं सोशल मीडिया का इस्तेमाल अलग तरीके से करना चाहती हूं। लाइक्स, कमेंट्स और फॉलोअर्स की संख्या मेरे लिए कभी मायने नहीं रखती थी। अब मैं ऐसी कम्युनिटी बनाना चाहती हूं, जहां खासकर महिलाएं खुलकर अपनी सेहत, मानसिक स्वास्थ्य, एंडोमेट्रियोसिस, पेरिमेनोपॉज, फिटनेस, ट्रैवल, किताबें और पालतू जानवर समेत कई विषयों पर खुलकर बातचीत कर सकें। फिलहाल यह सिर्फ एक विचार है और मैं अभी इसकी योजना बना रही हूं।”

अपने पोस्ट में सुमोना ने सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, ”अक्सर मेरी तस्वीरों पर शरीर को लेकर अभद्र टिप्पणियां की जाती हैं, जिनमें ज्यादातर पुरुष शामिल होते हैं। वहीं, जो लोग सकारात्मक सोच रखते हैं, वे अक्सर चुपचाप पोस्ट पढ़ते हैं, पसंद करते हैं या कमेंट भेजते हैं। एक अभिनेत्री होने के नाते मैं जानती हूं कि इस तरह की बातें मेरे पेशे का हिस्सा हैं लेकिन मैं अपनी निजी जिंदगी को हमेशा की तरह निजी ही रखना चाहूंगी। हालांकि अगर मेरी जिंदगी का कोई अनुभव, जैसे एंडोमेट्रियोसिस से जुड़ी लड़ाई, किसी दूसरे व्यक्ति की मदद कर सकता है तो मैं उसे जरूर साझा करूंगी।”

अभिनेत्री सुमोना ने बताया, ”सर्जरी के बाद मेरे पेट पर तीन निशान रह गए हैं। यह देखकर आज भी कभी-कभी मन परेशान हो जाता है, लेकिन फिर मैं खुद को याद दिलाती हूं कि ये निशान इस बात का सबूत हैं कि मैंने जिंदगी की एक बड़ी लड़ाई जीती है। बढ़ती उम्र डरने की नहीं, बल्कि गर्व करने की बात है, क्योंकि इसके साथ अनुभव, समझ और जीवन के प्रति आभार भी बढ़ता है।”

Exit mobile version