June 10, 2026
National

राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज करना लोकतंत्र पर हमला: भट्टी विक्रमार्क मल्लू

Rejection of Rajya Sabha candidate Meenakshi Natarajan’s nomination is an attack on democracy: Bhatti Vikramarka Mallu

कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन को खारिज किए जाने पर तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क मल्लू ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने की हताश कोशिश बताया। भट्टी विक्रमार्क मल्लू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “हम मीनाक्षी नटराजन के राज्यसभा नामांकन को गलत तरीके से खारिज किए जाने की कड़ी निंदा करते हैं। जहां कोई गलती नहीं है, वहां ‘गलतियां’ गढ़ना लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और जनादेश को कमजोर करने की एक हताश कोशिश है। हम हर उपलब्ध कानूनी और संवैधानिक रास्ते से इस साजिश का पर्दाफाश करेंगे।”

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए मीनाक्षी नटराजन को अपना उम्मीदवार बनाया था, लेकिन रिटर्निंग अधिकारी ने उनके नामांकन पत्र को खारिज कर दिया। भाजपा ने आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया था कि नटराजन ने तेलंगाना की एक अदालत में लंबित मामले की जानकारी छिपाई है। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है।

इस मामले पर बुधवार को चुनाव आयोग (ईसीआई) में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के साथ महत्वपूर्ण बैठक होनी है। कांग्रेस इस बैठक में नामांकन खारिज किए जाने पर अपनी आपत्तियां दर्ज कराएगी और आयोग से उचित कार्रवाई की मांग करेगी।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग कर विपक्षी उम्मीदवार को चुनावी मैदान से बाहर करने की कोशिश कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पहले ही भाजपा पर ‘अलोकतांत्रिक तरीके’ अपनाने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि भाजपा मध्य प्रदेश में कांग्रेस की राज्यसभा सीट हथियाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता विवेक तन्खा ने भी स्पष्ट किया कि नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। उन्होंने बताया कि केवल एक नोटिस जारी किया गया था, जिसका जवाब पहले ही चुनाव कार्यालय में जमा कर दिया गया है।

Leave feedback about this

  • Service