October 17, 2026
Entertainment

श्रेया घोषाल का ‘अनस्टॉपेबल टूर’ फिर दक्षिण अफ्रीका में, डरबन और प्रिटोरिया में बिखरेगा जादू

उत्तरी अमेरिका के मंच पर धूम मचाने के बाद मशहूर गायिका श्रेया घोषाल इस दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका में अपना ‘अनस्टॉपेबल टूर’ लेकर जाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वह 4 दिसंबर 2026 को डरबन आईसीसी में परफॉर्म करेंगी। इसके बाद 5 दिसंबर 2026 को प्रिटोरिया के सनबेट एरिना टाइम स्क्वायर में भी उनका एक शो है।

दक्षिण अफ्रीका लौटने को लेकर अपना उत्साह जताते हुए श्रेया घोषाल ने कहा, “दक्षिण अफ्रीका हमेशा से ही एक खास जगह रही है और मुझे बहुत खुशी है कि मैं अपना ‘अनस्टॉपेबल टूर’ डरबन और प्रिटोरिया लेकर आ रही हूं। जब भी मैं दुनिया भर के दर्शकों के सामने परफॉर्म करती हूं तो मुझे याद आता है कि संगीत कैसे हमें एक साथ लाता है, चाहे हम कहीं से भी आए हों या कोई भी भाषा बोलते हों।”

गायिका ने आगे कहा, “अमेरिका में मिले शानदार अनुभव के बाद और अब भारत में होने वाले टूर से पहले मैं इस सफर को आगे बढ़ाने और दक्षिण अफ्रीका में अपने फैंस से फिर से मिलने के लिए बहुत उत्साहित हूं। मैं वापस स्टेज पर जाने, आपके साथ ये गाने गाने और इस दिसंबर में कुछ खूबसूरत यादें बनाने का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं।”

बता दें कि श्रेया पहली भारतीय कलाकार हैं, जिन्होंने अपने कॉन्सर्ट के लिए स्पॉटिफाई यूजर्स को ‘प्री-सेल’ की सुविधा दी है, जिससे उन्हें टिकट पहले मिल सकेंगे। यह प्री-सेल 18 अक्टूबर को सुबह 8 बजे (सेंट्रल अफ्रीका समय) शुरू होगी और 19 अक्टूबर को सुबह 7:59 बजे (सेंट्रल अफ्रीका समय) खत्म होगी।

इसके अलावा, 19 अक्टूबर को सुबह 8 बजे (सेंट्रल अफ्रीका समय) से 20 अक्टूबर को सुबह 7:59 बजे (सेंट्रल अफ्रीका समय) तक एक और प्री-सेल का मौका मिलेगा। इसके बाद, 20 अक्टूबर से आम जनता के लिए टिकटों की बिक्री शुरू हो जाएगी। इस बीच, श्रेया ने हाल ही में राजकुमार राव की फिल्म ‘प्रहार’ के रोमांटिक गाने ‘तुझ में बसी मेरी जान’ के लिए गायक सोनू निगम के साथ फिर से काम किया है।

सोनू निगम के साथ काम करने के बारे में बात करते हुए श्रेया ने कहा, “‘तुझ में बसी मेरी जान’ प्यार, साथ और उन छोटे-छोटे पलों का एक खूबसूरत जश्न है, जो किसी रिश्ते को खास बनाते हैं। इस गाने में एक बहुत ही प्यारा और रोमांटिक एहसास है और मुझे अपनी आवाज के जरिए उस जज्बात को जीवंत करने में बहुत मजा आया। सोनू के साथ गाने पर हमेशा एक खास संगीतमय एहसास मिलता है, और यह गाना भी इससे अलग नहीं था।”

Leave feedback about this

  • Service