May 14, 2026
National

पटना सहित छह जिलों में सायरन बजते ही छाएगा अंधेरा, होगा नागरिक सुरक्षा की मॉकड्रिल

Six districts, including Patna, will be plunged into darkness as soon as the siren sounds, and a mock drill for civil security will be conducted.

14 मई । बिहार के पटना सहित छह जिलों में गुरुवार की शाम सात बजे सायरन बजते ही अंधेरा छा जाएगा। सड़कों पर चल रहे सभी वाहन उसी जगह पर ठहर जाएंगे। दरअसल, गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 14 मई को पटना समेत राज्य के छह जिले किशनगंज, बेगूसराय, पूर्णिया, अररिया तथा कटिहार में हवाई हमले तथा ब्लैकआउट संबंधी मॉकड्रिल का आयोजन किया जा रहा है।

राज्य स्तर पर नागरिक सुरक्षा निदेशालय इस मॉकड्रिल की नोडल एजेंसी है। मॉकड्रिल के सफल आयोजन को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को आपदा प्रबंधन विभाग में विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल तथा महानिदेशक, नागरिक सुरक्षा निदेशालय डॉ. परेश सक्सेना की अध्यक्षता में संबंधित जिलों के आपदा पदाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया था।

आमजन से अपील करते हुए प्रधान सचिव ने कहा कि शाम 7 बजे से 7.15 के बीच होने वाले ब्लैकआउट के दौरान घबराएं नहीं, ब्लैकआउट के दौरान अपार्टमेंट्स में जनरेटर न चलाकर, मोबाइल स्क्रीन, टॉर्च, या अन्य किसी प्रकाश स्रोत का इस्तेमाल न कर पूर्ण ब्लैकआउट में सहयोग करें।

इधर, पटना जिला प्रशासन ने ब्लैकआउट मॉकड्रिल के दौरान सायरन बजने पर घर, दुकान व वाहन की लाइट बंद करने की अपील की है। आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी।

प्रशासन का कहना है कि हवाई हमले से बचाव के लिए यह एक सिविल डिफेंस अभ्यास है, घबराने की जरूरत नहीं है। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की लोगों से अपील की गई है।

मॉकड्रिल के दौरान कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। मॉक अभ्यास के लिए पटना जिले में सिमुलेशन स्थलों का चयन किया गया है, जिसमें पटना समाहरणालय, बिस्कोमान भवन, बांकीपुर बस स्टैंड एवं आईजीआईएमएस शामिल हैं। मॉकड्रिल के दौरान सिमुलेशन साइट पर विशिष्ट आपदा परिदृश्य का निर्धारण एवं कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।

Leave feedback about this

  • Service