April 29, 2026
National

सौतेले पिता ने 14 वर्षीय बेटी की हत्या कर शव झाड़ियों में छिपाया, गिरफ्तार

Stepfather kills 14-year-old daughter, hides her body in bushes, arrested

29 अप्रैल । गौतमबुद्धनगर के जेवर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सौतेले पिता ने अपनी ही 14 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव भी बरामद कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रोही आरआर कॉलोनी निवासी सुरेंद्र पुत्र गौरी प्रसाद ने 21 अप्रैल को थाना जेवर में एक प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उसकी पुत्री अंजली (उम्र करीब 14 वर्ष) 20 अप्रैल को दूध लेने के लिए दुकान पर गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पाया।

इस सूचना के आधार पर थाना जेवर में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस द्वारा की गई गहन विवेचना में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि मृतका अंजली का अपने सौतेले पिता सुरेंद्र के साथ अक्सर विवाद होता रहता था।

इसी विवाद के चलते सुरेंद्र ने 20 अप्रैल को अंजली के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने घबराकर शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और कानीगढ़ी व जेवर खादर के बीच यमुना पुस्ता रोड स्थित शीशम की झाड़ियों में शव को छिपा दिया।

इतना ही नहीं, आरोपी ने खुद को बचाने के लिए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते हुए थाने में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी, ताकि उस पर किसी को शक न हो। थाना जेवर पुलिस ने 28 अप्रैल को आरोपी की निशानदेही पर बताए गए स्थान से अंजली का शव बरामद कर लिया।

इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मौके से ही आरोपी सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पहले दर्ज गुमशुदगी की धारा को परिवर्तित करते हुए अब भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) और 238 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave feedback about this

  • Service