N1Live National तेज हवाओं का असर : येलो जोन में दिल्ली-नोएडा-गाजियाबाद के कई इलाके, प्रदूषण से मिली राहत
National

तेज हवाओं का असर : येलो जोन में दिल्ली-नोएडा-गाजियाबाद के कई इलाके, प्रदूषण से मिली राहत

Strong winds impact: Several areas of Delhi-Noida-Ghaziabad in Yellow Zone, providing relief from pollution

26 फरवरी । राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में पिछले कुछ दिनों से चल रही तेज हवाओं का साफ असर देखने को मिल रहा है। इन हवाओं की बदौलत लोगों को प्रदूषण से काफी हद तक राहत मिली है और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।

दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाके अब ‘येलो जोन’ (संतोषजनक से मध्यम श्रेणी) में पहुंच गए हैं, जहां हवा की गुणवत्ता में सुधार देखा जा रहा है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी), भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली के अधिकांश इलाकों में एक्यूआई 200 के आसपास या उससे नीचे दर्ज किया गया।

आनंद विहार में एक्यूआई 299, बवाना में 269, चांदनी चौक में 233, अशोक विहार में 212 और बुराड़ी क्रॉसिंग पर 220 दर्ज किया गया। वहीं, अल्लीपुर में 241, आया नगर में 147, सीआरआरआई मथुरा रोड पर 171, डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 180 और दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) में 203 एक्यूआई दर्ज किया गया। ये सभी आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली की हवा में जहरीले कणों की मात्रा में कमी आई है।

वहीं, नोएडा में भी हवा की गुणवत्ता में सुधार देखा गया। यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) और आईएमडी के अनुसार, सेक्टर-125 नोएडा में एक्यूआई 197, सेक्टर-62 में 163, सेक्टर-1 में 159 और सेक्टर-116 में 169 दर्ज किया गया। इसी तरह गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक्यूआई 231, लोनी में 266, संजय नगर में 202 और वसुंधरा में 225 दर्ज किया गया। ये सभी स्तर ‘मध्यम’ से ‘खराब’ श्रेणी के निचले स्तर को दर्शाते हैं, जो पिछले दिनों की तुलना में बेहतर है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी मौसम ऐसे ही बना रह सकता है। 26 फरवरी को हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है, जिसका असर 27 और 28 फरवरी को भी जारी रहेगा। तापमान की बात करें तो 26 फरवरी को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

27 फरवरी को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री तथा 28 फरवरी को अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तेज हवाओं के कारण प्रदूषक तत्व ठहर नहीं पा रहे हैं, जिससे हवा साफ हो रही है। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसे ही बने रहने से लोगों को प्रदूषण से और राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि अभी भी सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि कुछ इलाकों में एक्यूआई अभी भी संवेदनशील स्तर पर बना हुआ है।

Exit mobile version