हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने आज लोक भवन में अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक अभिनंदन समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने हिमाचल प्रदेश में निवास करने वाले इन राज्यों के नागरिकों को पारंपरिक हिमाचली टोपी और मफलर भेंट करके सम्मानित किया। उन्होंने इन नागरिकों के साथ उनके संबंधित राज्यों की समृद्ध संस्कृति, विरासत, रीति-रिवाजों और परंपराओं पर विस्तृत चर्चा की।
राज्य की प्रथम महिला और राज्य रेड क्रॉस अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्ष जानकी शुक्ला ने भी इस अवसर की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर बोलते हुए राज्यपाल ने कहा कि ऐसे आयोजन ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को बढ़ावा देने और लोगों में भाईचारा और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा, “भारत के प्रत्येक राज्य की अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान है और यही विविधता राष्ट्र की असली ताकत है। विभिन्न संस्कृतियों, परंपराओं और रीति-रिवाजों से परिचित होना सकारात्मकता को बढ़ावा देता है।”
उन्होंने जोर देते हुए कहा, “आपसी समझ विकसित करें और राज्यों के बीच संबंधों को मजबूत करें।” अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के नागरिकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और उन्हें दिए गए सम्मान और गर्मजोशी भरे आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया।

