अभिनेता आमिर खान तीसरी बार शादी करने जा रहे हैं। इस फैसले पर अभिनेत्री और गायिका सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने खुशी जताई है। उन्होंने आमिर और उनकी होने वाली पत्नी गौरी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फिर से प्यार करना एक खूबसूरत बात है।
सुचित्रा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह उनकी खूबसूरती है। मैं उन्हें ढेरों शुभकामनाएं देती हूं। मुझे लगता है कि अपना दिल फिर से खोलना और फिर से प्यार करना एक बहुत ही खूबसूरत बात है। यह एक खास अवसर है और मैं उन्हें ढेरों शुभकामनाएं देते हुए प्यार और सफलता की कामना करती हूं।”
सुचित्रा ने आधुनिक समय की शादियों पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आज शादी कोई मजबूरी नहीं बल्कि एक विकल्प बन गई है।
फिल्म निर्माता शेखर कपूर से तलाक के बाद अकेले रहने का फैसला करते हुए उन्होंने बताया, “जब तक आप अपने मन में पूरी तरह स्पष्ट नहीं होते, तब तक किसी रिश्ते को ठीक नहीं कर सकते। लोग मुझसे पूछते हैं कि मैं अकेली क्यों हूं, तो मैं कहती हूं कि मैंने कला से शादी कर ली है।”
उन्होंने कहा कि कभी-कभी उनकी कला जहरीली, आर्थिक रूप से अस्थिर और अप्रत्याशित होती है, जिसे हर साथी बर्दाश्त नहीं कर सकता। इसलिए जब तक कोई पूरी तरह निश्चित न हो कि वह बाकी जीवन किसी खास व्यक्ति के साथ बिताना चाहता है, तब तक शादी करने की जरूरत नहीं है।
सुचित्रा ने एक और महत्वपूर्ण सलाह दी कि शादी से पहले दूसरे व्यक्ति के परिवार को अच्छी तरह समझ लेना चाहिए, क्योंकि परिवार और जोड़े के बीच के टकराव अक्सर रिश्तों में दिक्कतें पैदा कर देते हैं। जानकारी के अनुसार, आमिर खान और गौरी स्प्रैट की शादी इस साल 5 जुलाई को मुंबई में घर पर होने वाली है।


Leave feedback about this