N1Live National बारामती पर सुनेत्रा पवार ने डाला वोट, कहा-अजित दादा के विकास कार्यों पर मुहर लगाएगी जनता
National

बारामती पर सुनेत्रा पवार ने डाला वोट, कहा-अजित दादा के विकास कार्यों पर मुहर लगाएगी जनता

Sunetra Pawar casts her vote in Baramati, says people will approve Ajit Dada's development work

23 अप्रैल । महाराष्ट्र के पुणे जिले में स्थित बारामती विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह से मतदान जारी है। इस महत्वपूर्ण सीट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, जहां दिवंगत नेता अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार चुनावी मैदान में हैं। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है और मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने गांगूबाई काटे जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय में पहुंचकर अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि यह चुनाव बारामती की जनता खुद लड़ रही है और लोग अपने “अजित दादा” के कामों को याद करते हुए उन्हें समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बारामती के लोग विकास कार्यों का सम्मान करते हुए अपना जनादेश देंगे।

सुनेत्रा पवार ने आगे कहा कि बारामती के लोगों को भली-भांति पता है कि पिछले कई वर्षों में अजित पवार ने क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने इसे एक अहम दिन बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से मतदान करने की अपील की। उनके मुताबिक, यह चुनाव केवल राजनीतिक नहीं बल्कि भावनात्मक भी है क्योंकि जनता अपने नेता को श्रद्धांजलि देने के रूप में मतदान कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 60 वर्षों से बारामती की जनता पवार परिवार के साथ खड़ी रही है। इस बार का चुनाव विशेष है क्योंकि यह पवार साहब की गैरमौजूदगी में हो रहा है, इसलिए जनता इसे अपने हाथ में लेकर उनके प्रति सम्मान प्रकट कर रही है।

इस बीच, अजित पवार के बेटे पार्थ पवार ने भी मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। क्षेत्र में गुरुवार सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की कतारें देखी गईं, जो लोकतंत्र के प्रति उनकी जागरूकता को दर्शाती हैं।

वहीं, सुनेत्रा पवार ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से जानकारी दी कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता शरद पवार खराब स्वास्थ्य के कारण मतदान में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। उन्होंने कहा कि भले ही वे शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं हैं लेकिन उनका आशीर्वाद हमेशा उनके साथ है।

सुनेत्रा पवार ने शरद पवार के योगदान को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में विकास की राजनीति को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि बारामती की जनता विकास के मुद्दों पर ही मतदान करेगी और भविष्य में भी इसी दिशा में आगे बढ़ेगी। साथ ही, उन्होंने शरद पवार के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

Exit mobile version