March 31, 2026
Entertainment

सुनील लहरी ने सुनाया रामायण की शूटिंग का मजेदार किस्सा

Sunil Lahri narrates a funny anecdote from the shooting of Ramayana.

31 मार्च । रामायण में लक्ष्मण का पात्र निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने रामायण का एक किस्सा पुरानी कहावत से जोड़कर बहुत अच्छे तरीके से समझाया है। अभिनेता ने सोमवार को इंस्टाग्राम के जरिए रामायण के दिनों के एक दिलचस्प किस्से को साझा किया।

अभिनेता शेयर किए गए वीडियो में कहते हैं, “हाल ही में मेरी बिल्डिंग में एक व्यक्ति मुझसे मिलने आया। वह खुद को मेरा रिश्तेदार बताकर अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था लेकिन सिक्योरिटी गार्ड ने उसे चेक किया और वह झूठा रिश्तेदार निकला। गार्ड ने उसे भगा दिया। इस घटना ने मुझे रामायण की शूटिंग के पुराने दिनों की याद दिला दी।”

सुनील ने रामायण का किस्सा सुनाते हुए कहा, “रामायण की शूटिंग के दौरान एक बार हम पूरे दिन धूप में शूटिंग करके बहुत थक गए थे। हमारे चेहरे पर अच्छी-खासी टैनिंग हो रखी थी। उसके बाद दो-तीन दिन की छुट्टी थी। मैंने दाढ़ी नहीं बनाई थी और बालों में तेल लगा हुआ था। मैं स्टूडियो के मेन गेट के पास टहल रहा था। तभी एक व्यक्ति मेरे पास आया और बोला, मुझे सुनील लहरी साहब से मिलना है। मैंने पूछा, ‘आप कौन हैं?’ उसने जवाब दिया, ‘मैं उनका भाई हूं और भोपाल से आया हूं।'”

सुनील ने आगे मुस्कराते हुए कहा, “कमाल की बात थी, वह मुझे ही मिलने आया था लेकिन मुझे पहचान नहीं पाया और मेरा ही झूठा भाई बनकर आ गया था।”

सुनील लहरी ने इस किस्से के जरिए गहरी बात कही, “जब आपका समय अच्छा चल रहा होता है, तो अनजान लोग भी आपके रिश्तेदार बन जाते हैं लेकिन जब आपका समय ठीक नहीं होता, तो आपके अपने रिश्तेदार भी आपको अनजान समझने लगते हैं।”

अंत में उन्होंने कहा, “जय श्री राम।” अभिनेता ने वीडियो शेयर कर लिखा, “हाल ही का एक मजेदार किस्सा, जिसने मुझे रामायण की शूटिंग के दिनों की याद दिला दी।”

मध्य प्रदेश के दमोह के रहने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने भले ही ‘द नक्सलाइट’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी, लेकिन रामानंद की रामायण से उन्होंने काफी लोकप्रियता हासिल की थी, जिसके लिए उन्हें काफी सराहना मिली थी।

Leave feedback about this

  • Service