हर साल की तरह इस साल भी मुंबई में ‘नॉर्थ बॉम्बे दुर्गा पूजा” का भव्य आयोजन होने जा रहा है। दुर्गा पूजा के दौरान बॉलीवुड हस्तियां माता रानी का आशीर्वाद लेने आती है। हाल ही में काजोल की छोटी बहन और अभिनेत्री तनिषा मुखर्जी ने पैप्स से अपील कि की वह दुर्गा पूजा के समय अभिनेत्री जया बच्चन को परेशान न करें।
दुर्गा पूजा के एक इवेंट में मीडिया से बात करते हुए तनीषा ने कहा, “मैं देख रही हूं कि आप लोग जया आंटी को बहुत परेशान कर रहे हैं। मैं देखती हूं कि आपके कुछ रिपोर्टर्स जानबूझकर उन्हें उकसाने की कोशिश करते हैं, तो मेरी आप सभी से रिक्वेस्ट है कि हमारी दुर्गा पूजा में ऐसा मत कीजिएगा।” तनीषा मुखर्जी ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “हमारी जया आंटी को परेशान मत कीजिए, ओके?”
इतना ही नहीं, तनीषा ने भीड़ को लेकर भी लोगों से अपील की। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान पंडाल में लाखों लोग आते हैं, इसलिए धक्का-मुक्की न करें, एक-दूसरे का ख्याल रखें और थोड़ी शिष्टता और इंसानियत बनाए रखें।
बता दें, जया बच्चन और पैपराजी के बीच की नोकझोंक अक्सर सुर्खियों में रहती है। जया कई बार पब्लिक में फोटो खींचने पर नाराजगी जता चुकी हैं। वहीं, जया बच्चन भी हर साल इस दुर्गा पूजा पंडाल में आती हैं और तनुजा मुखर्जी परिवार के साथ उनका काफी पुराना और करीबी रिश्ता है।
पूजा का मुखर्जी परिवार में खास महत्व रखता है। नॉर्थ बॉम्बे सार्बोजनिन दुर्गा पूजा मुंबई की सबसे पुरानी और भव्य पूजाओं में से एक है, जिसकी स्थापना 1948 में अभिनेत्री काजोल और निर्देशक अयान मुखर्जी के दादा पद्मश्री शशधर मुखर्जी और उनकी पत्नी श्रीमती सतीरानी मुखर्जी ने की थी। अयान मुखर्जी, अभिनेत्री काजोल और तनिषा मुखर्जी के चचेरे भाई हैं। अयान मुखर्जी के पिता (देब मुखर्जी) और काजोल के पिता (शोमू मुखर्जी) सगे भाई थे।
पहली पूजा सांताक्रूज के श्री मंडल हॉल में हुई थी, तब से यह सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से और भी बड़ी होती चली गई। यह मुंबई के सबसे पुराने और भव्य दुर्गा पूजा आयोजनों में से एक है, जिसे पहले काजोल के चाचा और अयान मुखर्जी के पिता देब मुखर्जी संभालते थे। उनके निधन के बाद पूरा परिवार मिलकर इस परंपरा को आगे निभा रहा है।


Leave feedback about this