August 31, 2026
Entertainment

‘जॉन’ नाम सुनते ही आज भी स्कूल के गलियारों में पहुंच जाते हैं विशाल मल्होत्रा, ‘हिप हिप हुर्रे’ को याद करते हुए भावुक

The mere mention of the name ‘John’ transports Vishal Malhotra back to the school corridors; he gets emotional recalling ‘Hip Hip Hurray’.

अभिनेता विशाल मल्होत्रा ने अपने करियर के उन दिनों को याद किया है, जब टीवी स्क्रीन पर ‘हिप हिप हुर्रे’ जैसा शो युवाओं के बीच खास पहचान बना रहा था। 90 के दशक के आखिर में आया यह शो उस दौर के दर्शकों के लिए स्कूल, दोस्ती, पहला प्यार, लड़ाई-झगड़े और किशोर उम्र की उलझनों का आईना था। शो में विशाल ने जॉन का किरदार निभाया था, जो आज भी उनकी पहचान का एक अहम हिस्सा है। इतने साल बीत जाने के बाद भी अगर कोई उन्हें ‘जॉन’ कहकर बुलाता है, तो वह उसी दौर की यादों में पहुंच जाते हैं।

विशाल मल्होत्रा ने इंस्टाग्राम पर ‘हिप हिप हुर्रे’ से जुड़े कुछ पुराने वीडियो और तस्वीरें शेयर की हैं। इन क्लिप्स में उनके किरदार जॉन के कुछ यादगार सीन्स दिखाई दे रहे हैं। अभिनेता ने पोस्ट शेयर करते हुए उस समय को याद किया, जब न सोशल मीडिया पर रील्स का दौर था, न ओटीटी प्लेटफॉर्म और न ही हर चीज को तय करने वाले एल्गोरिदम। उस दौर में एक स्कूल की घंटी ही बच्चों और युवाओं की पूरी दुनिया को एक साथ जोड़ने के लिए काफी हुआ करती थी।

विशाल ने अपने पोस्ट की शुरुआत करते हुए लिखा, ”चैप्टर 4: हिप हिप हुर्रे। रील्स, स्ट्रीमिंग और एल्गोरिदम से पहले एक स्कूल की घंटी हुआ करती थी, जो एक पूरी पीढ़ी को एक साथ जोड़ देती थी और मेरे लिए, वहां जॉन था।”

अभिनेता ने कहा, “हिप हिप हुर्रे के जरिए पर्दे पर किसी सीरियल की कहानी नहीं, बल्कि असली स्कूल लाइफ दिखाई जा रही है। इसमें किशोर उम्र के बच्चों की दोस्ती से लेकर पहला क्रश, आपसी दुश्मनी, दिल टूटना, हंसी-मजाक और बड़े होने के दौरान आने वाली उलझनों तक को दिखाया गया था। यही वजह थी कि उस समय के दर्शक इसके किरदारों से आसानी से जुड़ जाते थे।”

विशाल ने आगे लिखा, “आज भी जब कोई मुझे ‘जॉन’ कहकर बुलाता है तो मैं तुरंत उस दौर में पहुंच जाता हूं। मेरे लिए यह सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि स्कूल के गलियारों और उनके जीवन के एक खास चैप्टर से जुड़ी याद है। कुछ किरदार कैमरे के बंद होते ही खत्म हो जाते हैं। कुछ हमेशा आपके साथ रहते हैं।”

विशाल ने अपने पोस्ट के जरिए उन दर्शकों से भी सवाल किया, जो उस दौर में ‘हिप हिप हुर्रे’ देखा करते थे। उन्होंने पूछा कि क्या वे भी ‘हिप हिप हुर्रे’ वाली पीढ़ी का हिस्सा थे और शो से जुड़ी उनकी सबसे मजबूत याद कौन सी है। अभिनेता ने पोस्ट के साथ ‘हिप हिप हुर्रे,’ ‘जॉन,’ ’90 के दशक की यादें,’ ‘स्कूल डेज,’ और ‘चाइल्डहुड मेमोरी’ जैसे हैशटैग भी लगाए।

बता दें कि ‘हिप हिप हुर्रे’ एक लोकप्रिय इंडियन टीन ड्रामा था, जो जी टीवी पर अक्टूबर 1998 से मई 2001 तक प्रसारित हुआ था। नूपुर अस्थाना द्वारा बनाए और निर्देशित किए गए इस शो की कहानी डीनोबिली हाई स्कूल के 12वीं कक्षा के छात्रों के आसपास घूमती थी। शो में उनकी दोस्ती, रिश्ते, डर, सपने, महत्वाकांक्षाएं और किशोर उम्र से निकलकर बड़े होने की प्रक्रिया को दिखाया गया था।

शो में विशाल मल्होत्रा के अलावा रशद राणा, भूमिका चावला, नूहिद सायरसी, पुरब कोहली और नीलांजना शर्मा जैसे कलाकार भी नजर आए थे।

Leave feedback about this

  • Service