N1Live National ‘मोदी आर्काइव’ ने साझा किया पीएम मोदी का 2006 का प्रेरक वीडियो, युवाओं को दी हार न मानने की सीख
National

‘मोदी आर्काइव’ ने साझा किया पीएम मोदी का 2006 का प्रेरक वीडियो, युवाओं को दी हार न मानने की सीख

The Modi Archives shared an inspiring video of PM Modi from 2006, teaching young people to never give up.

12 फरवरी । अमेरिका के सोलहवें राष्ट्रपति और ‘द ग्रेट लिबरेटर’ नाम से प्रख्यात अब्राहम लिंकन की जयंती गुरुवार को है। लिंकन केवल अमेरिका के ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में लोकतंत्र, समानता और मानवाधिकारों के प्रतीक माने जाते हैं। साधारण परिवार में जन्म लेने वाले लिंकन ने अपने संघर्ष, ईमानदारी और दृढ़ निश्चय के बल पर इतिहास में अमिट स्थान बनाया।

‘द ग्रेट लिबरेटर’ नाम से प्रख्यात अब्राहम लिंकन की जयंती के अवसर पर ‘मोदी आर्काइव’ नामक अकाउंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक पुराना वीडियो जारी किया। यह वीडियो वर्ष 2006 का है। यह वीडियो उस समय का है, जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे और उन्होंने निरमा यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित किया था। यह भाषण आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का सशक्त स्रोत माना जा रहा है।

‘मोदी आर्काइव’ के अनुसार, उन्होंने एक शानदार भाषण दिया था, जिसमें अब्राहम लिंकन के जीवन संघर्ष का उल्लेख करते हुए युवाओं को धैर्य, साहस और निरंतर प्रयास का संदेश दिया था। उन्होंने कहा था कि जिन्होंने अब्राहम लिंकन के जीवन को पढ़ा है, वे जानते हैं कि उनके सार्वजनिक जीवन के शुरुआती लगभग तीस वर्ष निराशा और असफलताओं से भरे रहे।

उन्होंने कहा, “अब्राहम लिंकन कई चुनाव हारे, यहां तक कि अपने गांव की पंचायत का चुनाव भी नहीं जीत सके। व्यापार में भी उन्हें असफलता मिली और कई बार कर्ज का सामना करना पड़ा। जीवन के हर क्षेत्र में विफलताओं के बावजूद अब्राहम लिंकन ने हार नहीं मानी। वे निरंतर प्रयास करते रहे, संघर्ष करते रहे और अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ते रहे। अंततः एक समय ऐसा आया जब उन्हें पहली बार बड़ी सफलता मिली और वे अमेरिका के राष्ट्रपति बने। यह सफलता केवल एक पद प्राप्त करने की कहानी नहीं थी, बल्कि धैर्य, समर्पण और अडिग संकल्प की जीत थी।”

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में युवाओं से आह्वान किया था कि यदि कोई व्यक्ति तीन दशकों तक लगातार असफलताओं का सामना करने के बावजूद अपने जीवन को बदल सकता है, तो हम भी उससे प्रेरणा ले सकते हैं। उन्होंने कहा था कि निराशा और हताशा जीवन का अंत नहीं, बल्कि नई शुरुआत का अवसर होती है।

‘मोदी आर्काइव’ की ओर से साझा किया गया यह वीडियो आज के युवाओं को यह संदेश देता है कि असफलताएं सफलता की सीढ़ी होती हैं। अब्राहम लिंकन का जीवन और पीएम मोदी का यह प्रेरक संदेश बताता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से कोई भी व्यक्ति अपने सपनों को साकार कर सकता है।

Exit mobile version