April 27, 2026
National

बिहार में अब नहीं चलेगी अटकाने और भटकाने की व्यवस्था नहीं : रामकृपाल यादव

The system of obstruction and misdirection will no longer work in Bihar: Ramkripal Yadav

27 अप्रैल । बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक्शन मोड में हैं। उन्होंने सरकारी कार्यालयों में अटकी फाइलों को लेकर अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। मुख्यमंत्री के एक्शन का समर्थन करते हुए बिहार के पूर्व मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा है कि अब अटकाने और भटकाने की व्यवस्था नहीं होगी। जनहित के काम सरकार की पहली प्राथमिकता हैं।

सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र तारापुर पहुंचने के बाद अधिकारियों को अल्टीमेटम दिया था। इस पर रामकृपाल यादव ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “यह उनकी पहली प्राथमिकता है कि सुशासन की सरकार व्यवस्थित ढंग से चले। जनहित के काम सरकार की पहली प्राथमिकता हैं। इसलिए उन्होंने कहा कि अब अटकाने और भटकाने की व्यवस्था नहीं होगी। जो अधिकारी अटकाने और भटकाने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

पूर्व मंत्री ने बिहार की कानून व्यवस्था पर तेजस्वी यादव की ओर से सवाल उठाए जाने पर पलटवार किया। रामकृपाल यादव ने कहा, “उन्हें अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। 2005 के पहले की राजद सरकार में कानून व्यवस्था की क्या स्थिति है, यह देखना चाहिए।”

इसी बीच, रामकृपाल यादव ने पश्चिम बंगाल चुनावों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर अव्यवस्था, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप लगाए। इसके साथ ही, रामकृपाल यादव ने दावा किया कि राज्य की जनता बदलाव चाहती है और लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता परिवर्तन तय है।

उन्होंने कहा, “ममता बनर्जी के शासन में कुशासन रहा है, जिसकी पहचान अव्यवस्था, भ्रष्टाचार, दमन और कानून-व्यवस्था के बिगड़ने से होती है। शांति भंग हुई है और बंगाल पीछे रह गया है। अब, वहां के लोग तंग आ चुके हैं। यही लोकतंत्र की ताकत है कि सत्ता का हस्तांतरण शांतिपूर्ण ढंग से वोटों के माध्यम से हो सकता है, हिंसा से नहीं। ऐसा लगता है कि ममता बनर्जी का शासन अब समाप्त होने वाला है और भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी। उसके बाद, बंगाल की स्थिति सुधरेगी और राज्य प्रगति करेगा।”

पश्चिम बंगाल में 79 बम बरामद किए जाने पर रामकृपाल यादव ने कहा, “टीएमसी के कार्यकर्ता गुंडा और अपराधी हैं। उन्होंने पूरे बंगाल को हिंसा की आग में झोंकने के प्रयास किए। टीएमसी का पहले से ही प्लान था कि चुनाव के दौरान शांति भंग हो, बूथ लूटे जाएं और खूनखराबा व मारपीट की जाए।”

भाजपा नेता ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशन पर प्रशासन ने सख्ती से काम किया है। इसी कारण बम और हथियार बरामद किए जा रहे हैं। इस तरह चुनाव आयोग ने टीएमसी के मंसूबों पर भी पानी फेर दिया है।

भाजपा में शामिल 7 राज्यसभा सांसदों की सदस्यता खत्म किए जाने की मांग पर रामकृपाल यादव ने कहा, “अरविंद केजरीवाल की पार्टी के लोग विद्रोह कर रहे हैं, क्योंकि केजरीवाल ने अपने कार्यकर्ताओं और जनता को धोखा दिया। उन्होंने लूटमार करने और शीशमहल बनाने का काम किया। इस कारण विद्रोह का बिगुल बहुत पहले से फूंका जा रहा था। केजरीवाल पर पार्टी नेताओं को भी भरोसा नहीं रहा है। इसलिए आम आदमी पार्टी में अब लोग नहीं रहना चाहते हैं।”

Leave feedback about this

  • Service