N1Live National नरसिंहपुर के जैन मंदिर में चोरी, सोने-चांदी के छत्र के साथ डीवीआर भी लेकर हुए फरार
National

नरसिंहपुर के जैन मंदिर में चोरी, सोने-चांदी के छत्र के साथ डीवीआर भी लेकर हुए फरार

Theft at Narsinghpur Jain temple; gold and silver umbrellas, DVR and DVR stolen

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के करकबेल स्थित नेमिनाथ जैन मंदिर में चोरों ने मूर्तियों पर लगे सोने-चांदी के छत्र चोरी कर लिए। इसके साथ ही सीसीटीवी डीवीआर भी ले गए और सुरक्षा उपकरणों को नुकसान पहुंचाया। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

एएसपी संदीप भुरिया ने बताया कि घटना मध्य रात्रि करीब एक बजे से चार बजे के बीच हुई। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गई हैं। तकनीकी पहलुओं, खुफिया जानकारी और मानव स्रोतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। घटनास्थल से मिले सभी संभावित साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है। जांच में फिंगरप्रिंट टीम, डॉग स्क्वॉड और तकनीकी विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है।

एएसपी ने कहा कि थाना प्रभारी और एसडीओपी को मामले की लगातार निगरानी करने तथा इसे उच्च प्राथमिकता पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने विशेष रूप से डीवीआर को निशाना बनाया, जिससे उनके पहचान संबंधी सबूत मिटाए जा सकें।

उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी गंभीरता से मामले की जांच कर रही है और विशेष टीमों को इस पर लगाया गया है। स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है। यदि किसी को घटना से संबंधित कोई संदिग्ध गतिविधि या जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस को उम्मीद है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मंदिर में स्थापित सभी मूर्तियां सुरक्षित हैं। साथ ही मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा उपकरणों का भी पुनर्मूल्यांकन किया जा रहा है।

मंदिर समिति के सदस्य अभिषेक जैन ने बताया कि घटना को कम से कम तीन से चार चोरों ने अंजाम दिया होगा। सबसे पहले उन्होंने मुख्य द्वार का ताला तोड़ा और मंदिर परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद वे सीधे मूर्तियों पर लगे छत्र और चरण चिन्हों तक पहुंचे तथा उन्हें चोरी करने का प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि चोरों ने मंदिर में लगे दो सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और तीसरे कैमरे को भी क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। गर्भगृह में लगे कैमरे को भी उन्होंने लंबी वस्तु से नीचे गिराने की कोशिश की, लेकिन उसे पूरी तरह नुकसान नहीं पहुंचा सके। जब चोरों को लगा कि कैमरों के कारण उनकी पहचान हो सकती है, तब उन्होंने डीवीआर को निशाना बनाया। मंदिर का डीवीआर पास स्थित स्कूल में रखा गया था। चोर वहां पहुंचे, जाली तोड़ी, दरवाजा तोड़ा और डीवीआर अपने साथ ले गए।

उन्होंने कहा कि चोरों ने सबूत मिटाने की पूरी कोशिश की है। स्कूल का डीवीआर भी चोरी कर लिया गया। अनुमान है कि पूरी वारदात को अंजाम देने में उन्हें डेढ़ से दो घंटे का समय लगा होगा। उन्होंने बताया कि चोर तीन छत्र चोरी कर ले गए। साथ ही उन्होंने भगवान पार्श्वनाथ और भगवान चंद्रप्रभु की प्रतिमाओं को भी क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उनका कहना है कि मामले में जल्द खुलासा किया जाएगा।

Exit mobile version