April 28, 2026
Entertainment

‘वीर-जारा’ से हटाया गया था यह मशहूर गाना, बेटे की सलाह पर यश चोपड़ा ने लिया था बड़ा फैसला

This famous song was removed from ‘Veer-Zaara’; Yash Chopra took the decision on the advice of his son.

26 अप्रैल । हिंदी सिनेमा में कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जो सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहती, बल्कि लोगों की भावनाओं का हिस्सा बन जाती हैं। ऐसी ही फिल्मों में शामिल है ‘वीर-जारा’, जिसे आज भी बॉलीवुड की सबसे यादगार प्रेम कहानियों में गिना जाता है। फिल्म को लेकर बहुत कम लोग जानते हैं कि इसका एक बेहद लोकप्रिय गाना थिएटर रिलीज से हटा दिया गया था। अब दिवंगत फिल्म निर्माता यश चोपड़ा का एक पुराना वीडियो फिर चर्चा में है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस पुराने वीडियो में यश चोपड़ा मशहूर फिल्म निर्माता करण जौहर से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान करण जौहर ने फिल्म के उस गाने का जिक्र किया, जिसे दर्शकों ने बेहद पसंद किया था। उन्होंने पूछा, ”ये हम आ गए हैं कहां’ खूबसूरत गाना फिल्म के फाइनल प्रोडक्ट में क्यों नहीं रखा गया?”

इस सवाल का जवाब देते हुए यश चोपड़ा ने बताया, ”मैंने इस गाने की पूरी शूटिंग की थी और शुरुआत में इसे फिल्म में उसी जगह रखा गया था, जहां इसकी जरूरत थी। लेकिन जब मैंने फिल्म को पूरी तरह देखा तो महसूस हुआ कि यह गाना कहानी की रफ्तार को प्रभावित कर रहा है। एक निर्देशक के तौर पर मैं इस गाने से बेहद जुड़ा हुआ था, लेकिन एक निर्माता के तौर पर मुझे फिल्म की कहानी और उसके प्रभाव को प्राथमिकता देनी पड़ी।”

उन्होंने कहा, “मेरे बेटे आदित्य चोपड़ा ने भी मुझे सलाह दी थी कि अगर यह गाना फिल्म में रखा गया तो दर्शकों का ध्यान कहानी से हट सकता है। इसके बाद मैंने भारी मन से इस गाने को फिल्म से हटाने का फैसला लिया। हालांकि, बाद में इस गाने को डीवीडी वर्जन में शामिल कर दिया, ताकि दर्शक इसे देख सकें।”

‘वीर-जारा’ में शाहरुख खान और प्रीति जिंटा मुख्य भूमिका में थे। फिल्म की कहानी भारत और पाकिस्तान के बीच की राजनीतिक दूरियों के बीच पनपे प्यार को दिखाती है।

Leave feedback about this

  • Service