N1Live National मिर्जापुर में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित ट्रक घर में घुसा, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत
National

मिर्जापुर में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित ट्रक घर में घुसा, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

Tragic accident in Mirzapur: Out-of-control truck crashes into house; 3 members of the same family killed.

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक अनियंत्रित ट्रक ने घर में सो रहे 5 लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। हालांकि, इस घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को रात करीब 3 बजे थाना अहरौरा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम कुदारन चौराहे के पास घटना हुई। उन्होंने बताया कि ट्रक वाराणसी से सोनभद्र जा रहा था, जिसमें नमक लदा हुआ था। रास्ते में अचानक से ट्रक का टायर फट गया और वह अनियंत्रित होकर एक घर में जा घुसा। उस समय घर के अंदर लोग सो रहे थे।

इस घटना के कारण चीख पुकार मच गई। रात में तेज आवाज सुनने पर ग्रामीणों की भीड़ भी इकट्ठा हो गई। अधिकारियों ने बताया कि ट्रक ने लगभग पांच लोगों को कुचला। इसमें से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए।

मामले की सूचना मिलने पर थाना अहरौरा पुलिस की ओर से तत्काल मौके पर पहुंच कर त्वरित राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। मौके से रेस्क्यू कर दो घायलों को इलाज के लिए सीएचसी चचेरी मोड़ चुनार भिजवाया गया, जहां से उन्हें चिकित्सकों की ओर से बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। साथ ही, पुलिस ने तीनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही करके पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया।

मृतकों की पहचान, 47 वर्षीय राजाराम, 70 वर्षीय सुखिया और 45 वर्षीय चांदतारा के रूप में हुई है। घायलों में 45 वर्षीय सुनील शर्मा और 12 वर्षीय सुहानी शामिल है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि टीमें हादसे के बाद फिलहाल आगे की कार्रवाई में जुटी हुई हैं।

Exit mobile version