August 26, 2026
Entertainment

सलमान खान की बढ़ी मुश्किलें, चंडीगढ़ अदालत ने बीइंग ह्यूमन ज्वेलरी शोरूम धोखाधड़ी मामले में जारी किया नोटिस

Trouble mounts for Salman Khan; Chandigarh court issues notice in ‘Being Human’ jewellery showroom fraud case.

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। चंडीगढ़ जिला अदालत ने अभिनेता सलमान खान, उनकी बहन अलवीरा खान अग्निहोत्री, ‘बीइंग ह्यूमन फाउंडेशन’ और ‘स्टाइल कोशेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड’ के डायरेक्टर्स को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस मनीमाजरा में प्रस्तावित ‘बीइंग ह्यूमन ज्वेलरी शोरूम’ से जुड़ी धोखाधड़ी की शिकायत के मामले में जारी किया गया है।

यह मामला केस नंबर सीओएमआई/9/2023, अरुण गुप्ता बनाम स्टाइल कोशेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड के नाम से दर्ज है। शिकायत मनीमाजरा के व्यवसायी अरुण गुप्ता ने दर्ज कराई है। अदालत ने सभी पक्षों को 5 अक्टूबर को पेश होने का निर्देश दिया है।

अदालत से जारी नोटिस के अनुसार, सलमान खान निवासी 3 गैलेक्सी अपार्टमेंट, बीजे रोड, बैंड स्टैंड, बांद्रा वेस्ट मुंबई, उनकी बहन अलवीरा खान अग्निहोत्री निवासी 6 अश्विनी पाली माला रोड बांद्रा पश्चिम, बीइंग ह्यूमन फाउंडेशन, स्टाइल कोशेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर संतोष श्रीवास्तव और प्रसाद बिंदु माधव कापड़े को अदालत में पेश होना होगा।

नोटिस में कहा गया है कि शिकायतकर्ता ने आपके खिलाफ शिकायत दर्ज की है, इसलिए बीएनएसएस की धारा 223 के तहत मामले पर संज्ञान लेने से पहले के चरण में यह नोटिस भेजा जा रहा है। इस मामले में स्पष्टीकरण देने के लिए अदालत के समक्ष आपकी उपस्थिति आवश्यक है। निर्देश दिया गया है कि तय तारीख 5 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे उक्त अदालत में व्यक्तिगत रूप से या वकील के माध्यम से उपस्थित हों।

जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला मनीमाजरा में प्रस्तावित बीइंग ह्यूमन ज्वेलरी शोरूम से जुड़ा है। शिकायतकर्ता अरुण गुप्ता का आरोप है कि शोरूम के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। हालांकि, इस मामले में अभी अदालत ने केवल नोटिस जारी कर पक्ष रखने को कहा है, संज्ञान लेना बाकी है। इस केस की पिछली सुनवाई 4 अगस्त को हुई थी, जिसके बाद अदालत ने 24 अगस्त को यह नोटिस जारी किया है। अब अगली सुनवाई 5 अक्टूबर को होगी, जिसमें सलमान खान और अन्य को अपना पक्ष रखना होगा।

बता दें कि बीइंग ह्यूमन फाउंडेशन सलमान खान का चैरिटी ब्रांड है, जो कपड़े, ज्वेलरी और अन्य प्रोडक्ट्स के जरिए चैरिटी करता है।

Leave feedback about this

  • Service