May 6, 2026
National

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार की शाम पश्चिम बंगाल जाएंगे

Union Home Minister Amit Shah will visit West Bengal on Thursday evening.

6 मई । पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार शाम पश्चिम बंगाल पहुंचेंगे। वह बिहार में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद सीधे बंगाल के लिए रवाना होंगे।

सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह अपने दौरे के दौरान पार्टी नेताओं के साथ अहम बैठक करेंगे। 8 मई को होने वाली विधायक दल की बैठक से पहले वे शपथ ग्रहण समारोह और नए मंत्रिमंडल के गठन को लेकर रणनीति पर चर्चा करेंगे। इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इसी में मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के स्वरूप को अंतिम रूप दिया जा सकता है।

भाजपा ने अमित शाह को पश्चिम बंगाल के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उनके साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है। इसकी जानकारी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति के जरिए दी।

गौरतलब है कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार सरकार बनाने का रास्ता साफ किया है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, 294 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 207 सीटें मिली हैं जबकि टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई। इसके अलावा कांग्रेस को 2 और सीपीआई (एम) को 1 सीट मिली है।

चुनाव प्रचार के दौरान अमित शाह की भूमिका बेहद अहम रही। उन्हें भाजपा का मुख्य रणनीतिकार और मौजूदा राजनीति का ‘चाणक्य’ भी कहा जाता है। उन्होंने मार्च के अंत में ‘परिवर्तन यात्रा’ की शुरुआत से लेकर 27 अप्रैल तक लगातार रैलियां, रोड शो व जनसभाएं कीं और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर जमकर हमला बोला।

अमित शाह ने 10, 11, 13, 14, 15, 21, 22, 23, 24, 25, 26 और 27 अप्रैल को लगातार चुनावी कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हुए टीएमसी सरकार को ‘सिंडिकेट राज’ और ‘घुसपैठ’ जैसे मुद्दों पर घेरा।

अब उनके इस दौरे को सरकार गठन की दिशा में निर्णायक कदम माना जा रहा है, जहां अगले कुछ दिनों में पश्चिम बंगाल के नए सीएम का चेहरा साफ हो सकता है।

Leave feedback about this

  • Service