September 16, 2026
National

रांची में अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर लगातार दूसरे दिन बवाल, सड़क पर उतरे लोग, बाईपास रोड किया जाम

रांची में एचईसी बाईपास रोड इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दूसरे दिन बुधवार को स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया। डीपीएस चौक के पास बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

मंगलवार से शुरू हुई कार्रवाई के तहत बुधवार को भी रांची जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल, जेसीबी और अन्य वाहनों के साथ एचईसी बाईपास रोड पहुंची। प्रशासन के अनुसार, एचईसी और रेलवे की जमीन पर बने कथित अवैध मकानों और अन्य निर्माण को हटाया जा रहा है। टीम ने जैसे ही कुछ मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की, स्थानीय लोग, खासकर महिलाएं, विरोध में सामने आ गईं। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि वे यहां वर्षों से रह रही हैं और कार्रवाई के कारण उनके परिवारों के सामने रहने का संकट पैदा हो गया है।

उनका आरोप था कि मकान और दुकान हटाने से पहले सामान निकालने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया। कुछ महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि हरतालिका तीज व्रत के तुरंत बाद उनके घरों पर कार्रवाई की गई। विरोध के दौरान लोगों ने बिरसा चौक से सैटेलाइट चौक के बीच मुख्य सड़क पर आवागमन रोक दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और सुबह के समय ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई पर पुनर्विचार करने और प्रभावित परिवारों की स्थिति को देखते हुए समाधान निकालने की मांग की। इसके पहले मंगलवार को भी इस कार्रवाई से प्रभावित लोगों ने करीब दो-ढाई घंटे तक सड़क जाम कर दी थी। इस वजह से कई लोगों की फ्लाइट तक छूट गई थी।

प्रशासन का कहना है कि सरकारी और सार्वजनिक जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर निगरानी रख रही हैं, ताकि दोबारा सड़क जाम या तनाव की स्थिति पैदा न हो।

Leave feedback about this

  • Service