N1Live National उत्तराखंड : रुद्रप्रयाग में खाई में गिरी कार, तीन की मौत, पांच घायल
National

उत्तराखंड : रुद्रप्रयाग में खाई में गिरी कार, तीन की मौत, पांच घायल

Uttarakhand: Car falls into ditch in Rudraprayag, three dead, five injured

30 मई । रूद्रप्रयाग के ऊखीमठ क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भीरी-पेलिंग मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 50 फीट गहरी खाई में गिर गई।

खाई में गिरने के बाद वाहन एक पेड़ पर अटक गया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। हालांकि, दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर 12:15 बजे वाहन बांसवाड़ा से पेलिंग और उथिंड गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।

रुद्रप्रयाग के पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर के नेतृत्व में ऊखीमठ पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया गया। रेस्क्यू टीमों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि भेजा।

घायल होने वालों में रेशमा देवी, पांच वर्षीय दक्षित, तीन वर्षीय सान्वी, आठ वर्षीय विहान और दस वर्षीय वैभव शामिल हैं। सभी का इलाज जारी है और उनके स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 68 वर्षीय महेंद्र सिंह, 42 वर्षीय अंजन सिंह और 32 वर्षीय संगीता देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक और घायल उथिंड गांव के निवासी हैं और एक ही परिवार के हैं।

पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा है। वहीं, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

Exit mobile version