तमिलनाडु की एथलीट विथ्या रामराज इन दिनों अपनी शानदार उपलब्धियों की वजह से लगातार सुर्खियों में हैं। उन्होंने एशियन गेम्स में तीन मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। इसके लिए उन्हें देशभर से शुभकामनाएं मिल रही है। इस कड़ी में साउथ के सुपरस्टार धनुष ने भी खास अंदाज में बधाई दी है।
जानकारी के मुताबिक, धनुष ने विथ्या से मुलाकात की और एशियन गेम्स में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और उनका हौसलाअफजाई किया। विथ्या की उपलब्धि खेल जगत के साथ-साथ आम लोगों और फिल्म इंडस्ट्री का भी ध्यान खींच रही है।
बता दें कि विथ्या रामराज ने एशियन गेम्स में महिलाओं की 4×400 मीटर रिले में स्वर्ण, मिक्स्ड 4×400 मीटर रिले में रजत और महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीता। इसके साथ उन्होंने भारतीय एथलीट पीटी उषा का 42 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। पीटी उषा ने 1984 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में 55.42 सेकंड का समय निकालकर यह राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था।
इस जीत पर गर्व जताते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने उनके लिए 75 लाख रुपए की इनामी राशि की घोषणा की थी।
अभिनेता और राज्यसभा सांसद कमल हासन ने भी विथ्या रामराज को बधाई दी और उनकी तारीफ करते हुए कहा कि 400 मीटर बाधा दौड़ में उनकी 54.75 सेकंड की दौड़ ने पीटी उषा के 42 साल पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ दिया। उन्होंने कहा, “एक पीढ़ी की सबसे बड़ी उपलब्धि अगली पीढ़ी को और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।”
वहीं, विथ्या रामराज ने आईएएनएस से कहा, “मैं बहुत खुश हूं। पिछली बार भी मैंने तीन पदक जीते थे लेकिन इस बार कुछ खास था। इस बार हमने स्वर्ण पदक जीता है। हमें इस पर बहुत गर्व है। मेरी वजह से राष्ट्रगान बजा। यह मेरे लिए गर्व का विषय था। मैं राज्य सरकार, राज्य एसोसिएशन और अपने कोच को इसके लिए धन्यवाद देना चाहती हूं। इन सभी के सहयोग से ही हम सफलता हासिल कर सके हैं।”


Leave feedback about this