March 17, 2026
Entertainment

‘गैंग में आपका स्वागत है, भाई’, रणवीर सिंह से पहली मुलाकात की यादों को अभिनेता रजत अरोड़ा ने किया साझा

‘Welcome to the gang, brother’, actor Rajat Arora shares memories of his first meeting with Ranveer Singh

17 मार्च । फिल्मी दुनिया में कई बार ऐसा होता है कि किसी बड़े सितारे के साथ काम करने का अनुभव कलाकारों के लिए हमेशा के लिए यादगार बन जाता है। ऐसे ही अनुभव के बारे में फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर अभिनेता रजत अरोड़ा ने खुलकर बताया।

उन्होंने कहा कि फिल्म में काम करते हुए उन्हें अभिनेता रणवीर सिंह के साथ समय बिताने और उनके साथ अभिनय करने का मौका मिला, जो बेहद खास और यादगार था।

रजत अरोड़ा ‘धुरंधर’ फिल्म में मुक्का गुरसेवक सिंह नाम के किरदार में नजर आए थे।

उन्होंने कहा, ”फिल्म की शूटिंग के दौरान रणवीर सिंह के साथ काम करना बहुत ही शानदार अनुभव रहा। वह एक ऐसे इंसान हैं, जिनकी ऊर्जा आसपास के लोगों को भी प्रेरित करती है। उनकी मौजूदगी से माहौल उत्साह से भरा रहता है। यही वजह है कि उनके साथ काम करने वाले कलाकार खुद को सहज महसूस करते हैं और अपना काम और बेहतर तरीके से कर पाते हैं।”

बातचीत के दौरान रजत ने उस दिन को भी याद किया, जब उनकी पहली बार रणवीर सिंह से मुलाकात हुई थी। यह मुलाकात फिल्म की शूटिंग के दौरान थाईलैंड में हुई थी। रजत उस समय अपने कॉस्ट्यूम ट्रायल के लिए जा रहे थे और उसी दौरान सामने से रणवीर सिंह आते हुए दिखाई दिए। उन्होंने कहा, ”उस पल मेरे मन में कई तरह के विचार आने लगे। मैं सोच रहा था कि आज पहली बार मैं इतने बड़े स्टार से आमने-सामने मिलूंगा, लेकिन उनसे बात क्या करुंगा।”

रजत ने आगे कहा, ”जैसे ही रणवीर से मिला, उन्होंने मुस्कुराते हुए मेरा स्वागत किया और कहा, ‘गैंग में आपका स्वागत है, भाई।’ इसके बाद मुझे गले भी लगाया। यह पल मेरे लिए बेहद खास था, क्योंकि मैंने सोचा भी नहीं था कि रणवीर इतने दोस्ताना तरीके से मिलेंगे। यह पल मेरी जिंदगी की उन यादों में से एक है, जिसे मैं कभी नहीं भूल सकता।”

रजत ने कहा, “रणवीर सिंह पूरी शूटिंग के दौरान बेहद सहयोगी रहे। जब भी कोई सीन शूट होता था और बाद में उसे मॉनिटर पर देखा जाता था, तो रणवीर अक्सर मेरे अभिनय की तारीफ करते। कई बार वह मुझे छोटे-छोटे सुझाव भी देते थे, जिससे मेरे अभिनय में और निखार आ सके।”

Leave feedback about this

  • Service