N1Live Sports डब्ल्यूपीएल: फाइनल में मंधाना-जॉर्जिया का तूफान, कैपिटल्स को 6 विकेट से हराकर आरसीबी दूसरी बार चैंपियन
Sports

डब्ल्यूपीएल: फाइनल में मंधाना-जॉर्जिया का तूफान, कैपिटल्स को 6 विकेट से हराकर आरसीबी दूसरी बार चैंपियन

WPL: Mandhana-Georgia storm in the final, RCB becomes champion for the second time by defeating Capitals by 6 wickets

 

वडोदरारॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने दूसरी बार विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस टीम ने गुरुवार को बीसीए स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के विरुद्ध 6 विकेट से जीत दर्ज की।

 

 

इससे पहले आरसीबी ने डब्ल्यूपीएल 2023/24 का खिताब अपने नाम किया था। इस लीग का पहला और तीसरा सीजन मुंबई इंडियंस (एमआई) ने अपने नाम किया था। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंचकर ट्रॉफी जीतने का मौका गंवा बैठी।

 

गुरुवार को खेले गए इस मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 4 विकेट खोकर 203 रन बनाए। इस टीम को शेफाली वर्मा और लिजेल ली की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 5.5 ओवरों में 49 रन की साझेदारी की।

 

शेफाली 20 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि लिजेल ली ने 37 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। कैपिटल्स 72 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा चुकी थी।

 

यहां से जेमिमा रोड्रिगेज ने लौरा वोल्वार्ड्ट के साथ दूसरे विकेट के लिए 76 रन जुटाते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। जेमिमा 37 गेंदों में 8 चौकों के साथ 57 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद चिनले हेनरी (नाबाद 35) ने वोल्वार्ड्ट (44) के साथ चौथे विकेट के लिए 54 रन जुटाकर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। विपक्षी खेमे से सयाली सतघरे, अरुंधति रेड्डी और नादिन डी क्लार्क ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

 

इसके जवाब में आरसीबी ने 19.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। इस टीम ने 9 के स्कोर पर ग्रेस हैरिस (9) का विकेट खो दिया था। यहां से कप्तान स्मृति मंधाना ने जॉर्जिया वोल के साथ दूसरे विकेट के लिए 92 गेंदों में 165 रन जोड़कर मैच आरसीबी की पकड़ में ला दिया।

 

174 के स्कोर पर टीम को जॉर्जिया वोल के रूप में दूसरा झटका लगा। जॉर्जिया 54 गेंदों में 14 चौकों के साथ 79 रन बनाकर आउट हुईं। अगले दो ओवरों में टीम ने ऋचा घोष (6) और कप्तान मंधाना का विकेट गंवा दिया। मंधाना 41 गेंदों में 3 छक्कों और 12 चौकों के साथ 87 रन बनाकर आउट हुईं।

 

यहां से मुकाबला रोमांचक बन गया था, लेकिन राधा यादव ने 5 गेंदों में 2 चौकों के साथ 12 रन बनाते हुए टीम को जीत दिलाई। कैपिटल्स की तरफ से चिनले हेनरी ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि नंदिनी शर्मा और मिन्नु मणि ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

Exit mobile version