April 6, 2026
Entertainment

आप ही सिनेमा के बैकबोन… ‘धुरंधर 2’ की सफलता के बीच ‘यालीना’ ने पर्दे के पीछे के ‘हीरोज’ को किया सलाम

You are the backbone of cinema… Amid the success of ‘Dhurandhar 2’, ‘Yalina’ salutes the behind-the-scenes ‘heroes’

6 अप्रैल । अभिनेत्री सारा अर्जुन ने अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘धुरंधर 2’ की सफलता का श्रेय पर्दे के पीछे काम करने वाली पूरी टीम को देते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा कि फिल्म की भव्यता और सफलता सिर्फ कलाकारों की नहीं, बल्कि उन अनगिनत लोगों की मेहनत का नतीजा है जो फ्रेम के बाहर रहकर दिन-रात मेहनत करते हैं।

सारा अर्जुन ने पोस्ट में बताया कि जब वह पहली बार निर्देशक आदित्य धर से मिलीं, तो उनकी आंखों में सिनेमा के लिए कुछ खास करने की चमक साफ नजर आ रही थी। उन्होंने कहा कि फिल्म के हर कदम पर यह एहसास मजबूत होता गया, लेकिन फिल्म पूरी होने के बाद जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा, तो उन्हें फ्रेम के बाहर खड़े उन लोगों की पूरी फौज नजर आई, जिन्होंने इस बड़े सपने को हकीकत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह पोस्ट खासतौर पर ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ के उन गुमनाम नायकों को समर्पित है, जिनका योगदान अक्सर पर्दे के पीछे ही रह जाता है।

सारा ने सबसे पहले निर्देशक आदित्य धर और उनकी पूरी डायरेक्शन टीम को धन्यवाद दिया। उन्होंने उन्हें जहाज का कप्तान बताया और कहा कि उन्होंने इस फिल्म को पर्दे पर उतारने के लिए दिन-रात एक कर दिया। प्रोड्यूसर्स लोकेश धर, ज्योति मैम, जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज की टीम का भी उन्होंने विशेष रूप से आभार जताया। सारा ने लिखा कि इन लोगों ने तमाम मुश्किलों का सामना करते हुए फिल्म को पूरा किया।

यालीना फेम सारा ने डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी और कैमरा टीम की तारीफ की, जिन्होंने हर फ्रेम में फिल्म की भव्यता और आत्मा को कैद किया। कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा और उनकी टीम को धन्यवाद देते हुए सारा ने कहा कि उन्होंने सिर्फ सही चेहरे नहीं, बल्कि किरदारों की खासियत को चुनकर पर्दे पर पेश किया। कॉस्ट्यूम डिजाइनर स्मृति चौहान, मेकअप डिजाइनर प्रीति शील और उनकी टीमों को भी उन्होंने याद किया। सारा ने लिखा कि इन्होंने कपड़ों में इतिहास बुना और अभिनेताओं के साथ शानदार कहानियां उकेरीं।

उन्होंने लिखा, “एक्टर्स को पोस्टर पर चेहरा बनने का मौका मिलता है, लेकिन आप ही सिनेमा की रीढ़ हैं।”

संगीतकार और पूरी म्यूजिक टीम को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि इन्होंने फिल्म में जान फूंक दी। एडिटर शिवकुमार पणिक्कर, वीएफएक्स टीम और ओजस गौतम की मेहनत की भी उन्होंने सराहना की। प्रोडक्शन डिजाइन टीम, सेफ्टी और स्टंट क्रू, लाइटिंग, साउंड और स्पॉट टीम को भी सारा ने याद किया। उन्होंने कहा कि ये लोग सेट पर सबसे पहले पहुंचते थे और सबसे आखिर में निकलते थे। अंत में सारा अर्जुन ने उन सभी अनगिनत लोगों को धन्यवाद दिया, जिनके नाम पोस्ट में नहीं मेंशन किए गए, लेकिन जिनकी मेहनत बिना यह फिल्म संभव नहीं थी।

Leave feedback about this

  • Service